नववर्ष पर राज्यपाल सहित हजारों श्रद्धालु हुए नतमस्तक

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और उनके स्वजनों सहित नववर्ष के

By JagranEdited By: Publish:Fri, 01 Jan 2021 08:04 PM (IST) Updated:Fri, 01 Jan 2021 08:04 PM (IST)
नववर्ष पर राज्यपाल सहित हजारों श्रद्धालु हुए नतमस्तक
नववर्ष पर राज्यपाल सहित हजारों श्रद्धालु हुए नतमस्तक

जागरण टीम, कांगड़ा/ज्वालामुखी : राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और उनके स्वजनों सहित नववर्ष के पहले दिन शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठों में में माथा टेककर पुण्य कमाया। मां चामुंडा देवी, मां बज्रेश्वरी तथा मां ज्वालामुखी मंदिर में आशीर्वाद लिया। बज्रेश्वरी देवी मंदिर के वरिष्ठ पुजारी पं. राम प्रसाद शर्मा ने राज्यपाल को विधिवत पूजा अर्चना करवाई। उन्हें मंदिर के इतिहास से भी अवगत करवाया। चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में पुजारी ओम व्यास ने पूजा अर्चना के बाद राज्यपाल को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

वहीं सुबह तड़के ही सभी प्रमुख मंदिरों के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए गए थे। इस दौरान सरकार व प्रशासन ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एसओपी के तहत पूरे इंतजाम किए थे। मां ज्वालामुखी में 25 हजार, मां बज्रेश्वरी के द्वार में दस हजार और मां चामुंडा के द्वार में छह हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। कोरोना संकट से बाहर निकलेगा प्रदेश व देश : दत्तात्रेय

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है। उन्होंने शक्तिपीठ में दर्शन कर प्रदेश व देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट से देश व प्रदेश बाहर निकल रहा है। इस संकट के जल्द खत्म होने की प्रार्थना करने वह मंदिर आए हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे स्वच्छ वातावरण तैयार करें ताकि किसी बीमारी का असर न पड़े। नैतिक मूल्यों का योगदान बहुत जरूरी है, तभी देश आगे बढ़ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश के गरीब, किसान व मजदूरों के लिए यह वर्ष बेहतर होगा। इन्होंने किया राज्यपाल को सम्मानित

मां बज्रेश्वरी के द्वार में कांगड़ा के एसडीएम अभिषेक वर्मा ने राज्यपाल को माता बज्रेश्वरी देवी का स्मृति चिह्न भेंट किया। चामुंडा मंदिर में भी उन्हें सिरोपा भेंट किया गया। ज्वालामुखी में विधायक रमेश धवाला ने राज्यपाल को सिरोपा व माता की फोटो भेंट की।

शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ीं

संवाद सहयोगी, कांगड़ा : नववर्ष के पहले दिन शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हालांकि इस दौरान शारीरिक दूरी के नियम का कहीं पर पालन होता नजर नहीं आया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थी। इस बीच राज्यपाल के दौरे की वजह से कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश करने से रोका गया। इस कारण मां के भक्तों की कतार कांगड़ा के मेन बाजार तक पहुंच गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालु एक साथ खड़े नजर आए। इस दौरान शारीरिक दूरी के नियम का बिलकुल भी पालन नहीं किया गया।

chat bot
आपका साथी