16 मिनट में निपटा पार्षदों का शपथ समारोह

राजेंद्र डोगरा धर्मशाला मिनी सचिवालय के कैबिनेट हॉल में नगर निगम धर्मशाला के पार्षदों का

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 02:02 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 02:02 AM (IST)
16 मिनट में निपटा पार्षदों का शपथ समारोह
16 मिनट में निपटा पार्षदों का शपथ समारोह

राजेंद्र डोगरा, धर्मशाला

मिनी सचिवालय के कैबिनेट हॉल में नगर निगम धर्मशाला के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह व उसके बाद महापौर व उपमहापौर का चुनाव होना था। कैबिनेट हॉल में शपथ समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी थीं और उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति भी पहुंच चुके थे। 11.05 बजे वन मंत्री राकेश पठानिया के नेतृत्व में ओंकार सिंह नैहरिया व सर्व चंद समेत सभी 10 पार्षद मुख्य गेट के पास गाड़ियों से उतरे और एक साथ उन्होंने प्रवेश किया। कैबिनेट हॉल के बाहर उपायुक्त पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी कर रहे थे। इस बीच भाजपा के पार्षदों ने एक साथ कैबिनेट हॉल के साथ लगते दूसरे कक्ष में प्रवेश किया। करीब आधे घंटे बाद कांग्रेस के पार्षद पूर्व महापौर एवं वर्तमान पार्षद देवेंद्र जग्गी के नेतृत्व में एक साथ 11.35 बजे कैबिनेट हॉल परिसर में प्रवेश करने के लिए पहुंचे। कांग्रेस के पार्षदों के कैबिनेट हॉल में प्रवेश करने के ठीक पांच मिनट बाद ओंकार सिंह नैहरिया के नेतृत्व में भाजपा के सभी पार्षदों ने 11.40 बजे दस्तक दी। उपायुक्त कांगड़ा ने उन्हें शपथ संबंधी जानकारी दी और पांच मिनट के बाद यानी 11.45 बजे शपथ वार्ड एक की पार्षद रेखा देवी से शुरू करवाई गई। मात्र 16 मिनट में यानी 12.01 बजे सभी 17 पार्षदों ने पद एवं गरिमा की शपथ ली। इसके बाद 10 मिनट का समय पार्षदों को दिया गया और उनके पुन: प्रवेश के बाद उपायुक्त कांगड़ा ने महापौर व उपमहापौर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की। 2.26 बजे वन मंत्री राकेश पठानिया समर्थकों सहित कैबिनेट हॉल की तरफ बढ़े। इस बीच उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा के ओंकार नैहरिया निर्विरोध महापौर जबकि सर्व चंद ने उपमहापौर पद चुनाव के लिए देवेंद्र जग्गी को हरा दिया है। इसके तुरंत बाद नवनिर्वाचित महापौर ओंकार सिंह नैहरिया व उपमहापौर सर्व चंद के हॉल से निकलने के बाद वन मंत्री ने उनका स्वागत किया और भवन से बाहर समर्थकों सहित ले गए। करीब 2.40 बजे महापौर, उप महापौर व भाजपा नेता वाहनों में बैठकर चले गए।

chat bot
आपका साथी