मनाली में नदी किनारे पर्यटकों के लिए म्‍यूजिकल इवनिंग इवेंट, दशहरा सीजन के लिए होटलों में स्‍पेशल आफर

Himachal Hotels पहाड़ों की मल्लिका मनाली में दशहरा सीजन धीरे-धीरे गति पकड़ने लगा है। 15 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव व दीपावली सीजन में देश विदेश के पर्यटक कुल्लू मनाली पहुंचने लगे हैं। मनाली के होटलों में इन दिनों आक्यूपेंसी 30 फीसद तक चल रही है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 07:06 AM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 07:19 AM (IST)
मनाली में नदी किनारे पर्यटकों के लिए म्‍यूजिकल इवनिंग इवेंट, दशहरा सीजन के लिए होटलों में स्‍पेशल आफर
पहाड़ों की मल्लिका मनाली में दशहरा सीजन धीरे-धीरे गति पकड़ने लगा है।

मनाली, जसवंत ठाकुर। Himachal Hotels, पहाड़ों की मल्लिका मनाली में दशहरा सीजन धीरे-धीरे गति पकड़ने लगा है। 15 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव व दीपावली सीजन में देश विदेश के पर्यटक कुल्लू मनाली पहुंचने लगे हैं।  मनाली के होटलों में इन दिनों आक्यूपेंसी 30 फीसद तक चल रही है। लेकिन दशहरा सीजन को लेकर होटलों में 40 से 50 प्रतिशत की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। मनाली में पर्यटकों की शाम रंगीन बनाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। कल-कल बहती ब्यास नदी के तट पर सैलानियों के लिए मधुर संगीत का लुत्फ उठाने सहित  ब्यास किनारे स्थित होटलों ने सैलानियों के लिए म्यूजिकल इवनिंग की व्यवस्था की है।

पर्यटन सीजन को देखते हुए कारोबारियों ने अपने होटलों को सजा लिया है। इस दौरान सैलानियों को कहीं ब्यास किनारे मधुर संगीत के बीच टहलने का मौका मिलेगा तो कहीं सैलानी नदी के तट पर बांसुरी की धुन पर कैंडल लाइट डिनर का लुत्फ उठाएंगे। सैलानियों को लुभाने के लिए होटलों में तरह-तरह के आकर्षक पैकेज दिए जा रहे हैं। कहीं, कुल्लवी नाटी तो कहीं नदी किनारे बांसुरी की धुन पर कैंडल लाइट डिनर की व्यवस्था की गई है।

ब्यास नदी के तट पर बने रांगड़ी के सितारा होटल मनाली इन के प्रबंधक एमआर गौतम ने बताया उनके होटलों में मधुर संगीत की धुन की व्यवस्था की गई है। होटल ग्लेशियर रिजोर्ट के प्रबंधक किशन राणा ने बताया उनके होटल में कुल्लवी नाटी की व्यवस्था की गई है। स्तरीय होटल स्नो फ्लेक्स की प्रबंधक खुशबू कपूर का कहना कि होटल में बांसुरी की धुन पर कैंडल लाइट डिन्नर की विशेष व्यवस्था की गई है। ब्यास के तट पर स्थित होटल चिचोग इन के प्रबंधक हैप्पी का कहना है उनके होटलों में भी म्यूजिकल इवनिंग की तैयारी चल रही है। मनाली के होटलियर विवेक, सुशील, रवि व्यास, बंशी व राज कुमार शर्मा का कहना है कि अगामी दशहरा पर्यटन सीजन को देखते हुए मनाली वासियों ने सभी तैयारी पूरी कर ली है।

मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान मुकेश ठाकुर ने कहा कोरोना के कारण पिछले दो सालों में कारोबार काफी अधिक प्रभावित हुआ है, लेकिन इस वर्ष मनाली में भारी संख्या में सैलानियों के आने की उम्मीद है। दशहरा सीजन को देखते हुए मनाली में सैलानियों की चहलकदमी बढ़ गई है।

हिमाचल टैक्सी आपरेटर यूनियन के प्रधान पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि कोरोना के चलते घाटे में चल रहे टैक्सी आपरेटरों को भी दशहरा व दीपावली सीजन में राहत मिलने की उम्मीद है।

एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने कहा प्रशासन सैलानियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर है। सैलानियों से आग्रह है कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए पहाड़ों की ओर ट्रैकिंग पर न जाएं।

chat bot
आपका साथी