त्रियुंड और बिलिग में हिमपात, बढ़ी ठंड

जागरण टीम धर्मशाला/बैजनाथ धौलाधार की पहाड़ियों पर हुए ताजा हिमपात व मैदानों में बारिश

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 09:55 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 09:55 PM (IST)
त्रियुंड और बिलिग में हिमपात, बढ़ी ठंड
त्रियुंड और बिलिग में हिमपात, बढ़ी ठंड

जागरण टीम, धर्मशाला/बैजनाथ : धौलाधार की पहाड़ियों पर हुए ताजा हिमपात व मैदानों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। बुधवार को त्रियुंड और बिलिग में बर्फबारी हुई। धर्मशाला में 4.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी से हुई। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद बारिश का क्रम बढ़ गया, जोकि शाम तक रुक-रुक कर चलता रहा। पहाड़ों पर ताजा हिमपात व मैदानों में बारिश से धर्मशाला शहर का अधिकतम पारा भी चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। शहर का अधिकतम तापमान 9.6, जबकि न्यूनतम 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं पैराग्लाइडिग के लिए प्रसिद्ध बिलिग घाटी में बुधवार को हिमपात हुआ। दो दिन पहले भी बिलिग में हलके फाहे गिरे थे। लेकिन बुधवार को बिलिग के ऊपरी हिस्सों में बर्फ की परत बिछ गई। इससे समूची बीड़ बिलिग व बैजनाथ घाटी में शीतलहर बढ़ गई है। मौसम खराब होने के कारण दो दिन से यहां पैराग्लाइडिग भी बंद हो गई है। यहां पैराग्लाइडिग का आनंद लेने पहुंचे काफी पर्यटक बुधवार को बिलिग घाटी में बर्फ का आनंद लेने पहुंच गए। पायलट ज्योति ठाकुर ने बताया कि अब पैराग्लाइडिग मौसम पर निर्भर करेगी। यदि यहां बर्फ अधिक पड़ गई तो दो दिन के बाद ही फ्लाइंग हो पाएगी। उधर, जालसू पास, उतराला के तर, दियोल के तत्तवाणी की पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ है। छोटा भंगाल घाटी के कई ऊंचाई वाले स्थानों में भी हिमपात शुरू हो गया है।

उधर, मौसम विभाग के प्रभारी वीरेंद्र शर्मा के मुताबिक पहाड़ों पर हिमपात व मैदानों में बारिश के बाद शहर के पारे में गिरावट आई है। अधिकतम पारे में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

chat bot
आपका साथी