माडल स्मार्ट सिटी बनेगा धर्मशाला : भारद्वाज

धर्मशाला को माडल स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 09:41 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 09:41 PM (IST)
माडल स्मार्ट सिटी बनेगा धर्मशाला : भारद्वाज
माडल स्मार्ट सिटी बनेगा धर्मशाला : भारद्वाज

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : धर्मशाला को माडल स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए अधिकारी स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाएं। यह निर्देश वीरवार को डीआरडीए सभागार में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने दिए।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला में स्मार्ट सिटी के तहत 115 करोड़ की 19 परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 173 करोड़ की 24 परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 81 करोड़ की आठ परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। 33 करोड़ की छह परियोजनाओं की डीपीआर तैयार हो चुकी है। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि धर्मशाला में पर्यटकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। सभी विभागों को समन्वय बनाकर परियोजनाओं के उचित कार्यान्वयन के लिए कारगर कदम उठाने चाहिए ताकि बेहतर स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को साकार किया जा सके। स्मार्ट सिटी के तहत जनप्रतिनिधियों व लोगों के सुझावों को शामिल कर परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया जाए। शहर में छोटे प्रोजेक्टों को भी स्मार्ट सिटी के तहत शामिल किया जाए ताकि सभी लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में परियोजनाओं के कार्य की रफ्तार कम हुई है लेकिन इन्हें तेजी से पूरा करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। स्मार्ट सिटी केंद्र व प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसकी नियमित मानिटरिग की जाएगी। परियोजनाओं को पूरा करने के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

विधायक विशाल नैहरिया ने स्मार्ट सिटी के तहत प्रदेश सरकार की ओर से सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के विकास के लिए लोगों के सुझावों के आधार पर ही कार्य किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के कार्यकारी अधिकारी प्रदीप ठाकुर ने स्मार्ट सिटी के तहत हुए कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर महापौर ओंकार नैहरिया, पार्षद व अधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी