शक्तिपीठ श्रीबज्रेश्वरी देवी के घृत पर्व को सरकार ने दिया जिलास्तरीय दर्जा, दशकों से मांग कर रहे थे पुजारी
Shaktipeeth Bajreshwari Devi Ghrit Parv श्रीबज्रेश्वरी देवी में होने वाले घृत पर्व को जिलास्तरीय पर्व मनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। कई दशकों से घृत पर्व को जिला व राज्यस्तरीय पर्व करने की मांग चली आ रही थी जिसे प्रदेश की जयराम सरकार ने मंगलवार को पूरी कर दी।
कांगड़ा, संवाद सहयोगी। Shaktipeeth Bajreshwari Devi Ghrit Parv, हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी कांगड़ा में होने वाले घृत पर्व को जिलास्तरीय पर्व मनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। कई दशकों से घृत पर्व को जिला व राज्यस्तरीय पर्व करने की मांग चली आ रही थी, जिसे प्रदेश की जयराम सरकार ने मंगलवार को पूरी कर दी। घृत पर्व को जिलास्तरीय पर्व करने पर माता शक्तिपीठ के पुजारी वर्ग ने स्वागत किया है। वहीं दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांगड़ा दौरे के दौरान किए वादे को पूरा कर दिया।
मंदिर के वरिष्ठ पुजारी राम प्रसाद शर्मा ने शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी के एतिहासिक घृत पर्व को जिला स्तरीय पर्व किये जाने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व कांगड़ा से भाजपा नेता मुनीश शर्मा का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा घृत पर्व को जिला व राज्य स्तरीय पर्व करने की मांग को प्रदेश के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों से उठाया। लेकिन किसी भी मुख्यमंत्री ने घृत पर्व को कोई निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा जयराम सरकार की ओर से लिए गए इस निर्णय से भविष्य में कांगड़ा के लिए सुखद परिणाम सामने आएंगे।
वहीं भाजपा नेता मुनीश शर्मा ने बताया घृत पर्व की मांग पर वह कई बार मुख्यमंत्री से मिले और उन्होने कांगड़ा की जनता से वादा किया था कि मां बज्रेश्वरी के इस ऐतिहासिक घृत पर्व को जिलास्तरीय पर्व का दर्जा आवश्य देंगे। उन्होंने बताया अभी घृत पर्व जिलास्तरीय हुआ है और भविष्य में राज्यस्तरीय होगा। सरकार के इस निर्णय से धार्मिक पर्यटन को कांगड़ा में बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय दुकानदार इस क्षेत्र से जुडे़ लोगों को फायदा होगा।
इस संबंध में कांगड़ा के उपमंडलाधिकारी व मंदिर सहायक आयुक्त अभिषेक वर्मा ने बताया मंत्रिमंडल बैठक में घृत पर्व को जिलास्तरीय पर्व करने की जानकारी मिली है। लेकिन अभी इस संबंध में लिखित जानकारी नहीं आई है। लिखित जानकारी के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।