आनी, निरमंड में अब जल्द बनेंगे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट

जिला कुल्लू के आनी और निरमंड कस्बों के सैकड़ों घरों की सीवेज का गंदा पानी अब आनी कस्बे से होकर बहने वाली खड्डों को दूषित नहीं करेगा। घरों से निकलने वाले सीवरेज के गंदे पानी को ठिकाने लगाने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है।

By Richa RanaEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 04:50 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 04:50 PM (IST)
आनी, निरमंड में अब जल्द बनेंगे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
सीवरेज के गंदे पानी को ठिकाने लगाने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है।

आनी, पूजा गुप्‍ता। जिला कुल्लू के आनी और निरमंड कस्बों के सैकड़ों घरों की सीवरेज का गंदा पानी अब आनी कस्बे से होकर बहने वाली खड्डों को दूषित नहीं करेगा। नगर पंचायत आनी और निरमंड के घरों से निकलने वाले सीवरेज के गंदे पानी को ठिकाने लगाने के लिए सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। आनी और निरमंड नगर पंचायतों में जल्द ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाने हैं। जिन पर प्रदेश सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च होंगे।

सरकार ने आनी और निरमंड नगर पंचायतों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की योजना बनाने के लिए बजट में प्रावधान कर दिया है। यह योजना जलशक्ति विभाग बनाएगा, जिसके लिए जलशक्ति विभाग को आनी और निरमंड में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्लान बनाने के लिए टोकन मनी भी जमा करवा दिया गया है। जलशक्ति विभाग के आनी मंडल के अधिशासी अभियंता राज कुमार कौंडल ने बताया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने के लिए आनी और निरमंड में जगह देखकर उसका स्टेटस जाना जाएगा और फिर उसका संयुक्त निरीक्षण कर भूमि के अधिग्रहण की कार्यवाही की जाएगी। योजना के सर्वेक्षण आदि के लिए कंसल्टेंट एजेंसी की तलाश जलशक्ति विभाग कर रहा है। इसकी जल्द ही डीपीआर बनाकर जल्द ही टेंडर लगाए जाएंगे।

घरों की सीवेज की गंदगी नाले में

शहर के रूप में विकसित हो रहे आनी कस्बे में बनाए गए घरों के सीवेज को ठिकाने लगाने के लिए भवन मालिकों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से निर्माण नहीं किया गया है। जबकि कस्बे के अधिकांश घरों के सीवरेज का गंदा पानी सीधे ही खड्डों के पानी मे बहा दिया जाता है इससे पानी दूषित हो रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा कई बार भवन मालिकों को नोटिस भी निकाले गए और जुर्माना भी लगाया लेकिन व्यवस्था न होने के चलते हालात  वैसी की वैसी है।

एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और कूड़ा निष्पादन संयंत्र शहर के रूप में विकसित हो रहे आनी और निरमंड कस्बों की प्राथमिक मांग और जरूरत है। ऐसे में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने को लेकर सरकार के आदेश और प्रयास आनी और निरमंड के लिए राहत भरे हैं।

chat bot
आपका साथी