हिमाचल प्रदेश में जल्द खुलेंगे स्कूल, वार्षिक परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी, मंत्रिमंडल बैठक में होगी समीक्षा

Himachal School Reopen मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार जल्द ही स्कूल खोल सकती है। छात्रों के सुझाव के बाद प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल की बैठक में जल्द ही इस दिशा में निर्णय लेगी। उन्होंने यह जानकारी जन्मदिन पर बच्चों के साथ संवाद के दौरान दी।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Thu, 07 Jan 2021 09:30 AM (IST) Updated:Thu, 07 Jan 2021 09:30 AM (IST)
हिमाचल प्रदेश में जल्द खुलेंगे स्कूल, वार्षिक परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी, मंत्रिमंडल बैठक में होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार जल्द ही स्कूल खोल सकती है।

शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार जल्द ही स्कूल खोल सकती है। छात्रों के सुझाव के बाद प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल की बैठक में जल्द ही इस दिशा में निर्णय लेगी। उन्होंने यह जानकारी जन्मदिन पर बच्चों के साथ संवाद के दौरान दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने नवंबर में भी स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू करने की अनुमति दी थी। कुछ दिनों तक कक्षाएं लगी भी थी। लेकिन कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के बाद स्कूल बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। अब 12 फरवरी तक स्कूलों को बंद किया है। मंत्रिमंडल की अगली बैठक में इसकी समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरवरी में प्री बोर्ड परीक्षा और मई में वार्षिक परीक्षाओं को ऑफलाइन माध्यम से करवाने का प्रयास किया जा रहा है। कई बच्चे ऐसे हैं, जिनके पास मोबाइल फोन नहीं थे और वे शुरू में ऑनलाइन कक्षाओं से नहीं जुड़ पाए। उन्हें रिवीजन करवाने के आदेश दिए हैं। सरकार स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भर रही है। जल्द ही स्कूलों में सभी पदों को भर दिया जाएगा।

उच्चतर शिक्षा के निदेशक डा. अमरजीत शर्मा ने कहा कि बच्चे अच्छी तरह से पढ़ाई करें, इसके लिए नए-नए प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री गोङ्क्षवद ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सचिव शिक्षा राजीव शर्मा, संयुक्त निदेशक अशीथ मिश्रा सहित अन्य अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे।

शिक्षकों ने निभाई बेहतर भूमिका

कोरोना महामारी में काम करना सभी के लिए नया अनुभव था। शिक्षकों ने इस दौर में बेहतर भूमिका निभाई है। उन्होंने संसाधनों का इस्तेमाल कर बच्चों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाया है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को बधाई दी।

अलग से ली जाएं कक्षाएं

बच्चों के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की कई विषयों में शंकाएं दूर करने के लिए अलग से कक्षाएं ली जाएं। विद्यार्थियों के क्या सवाल हैं, कहां पर उन्हें समझ नहीं आ रहा है, इसके लिए शिक्षक, बच्चे और अभिभावक आपस में समन्वय बनाएं।

चाहता हूं इसी साल हट जाए मास्क : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 56वें जन्मदिन पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'मैं चाहता हूं इस साल मास्क हट जाए। पिछला वर्ष हर किसी के लिए तनाव भरा रहा है, लेकिन लोगों ने एहतियात अपनाते हुए कोरोना महामारी का सामना किया।' शिमला स्थित सरकारी निवास ओकओवर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं, सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने पत्नी डा. साधना ठाकुर के साथ पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने तीन केक काटे। जिसमें 56 किलो लड्डुओं से बना केक, मिल्कफेड की ओर से बनाया केक व सचिवालय सेवाएं खेल बोर्ड की ओर से लाया गया केक शामिल रहा।

chat bot
आपका साथी