इंतजार खत्‍म! कल से कीजिए बर्फीली वादियों की सैर, रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल, परमिट जरूरी

Rohtang Pass देश भर से मनाली आने का प्लान बना रहे सैलानियों के लिये खुशखबरी है। मनाली प्रशासन 14 जून को रोहतांग दर्रे को सैलानियों के लिए बहाल करने जा रहा है। एनजीटी के आदेशानुसार गुलाबा बैरियर से आगे जाने वाले पर्यटक वाहनों को परमिट लेना अनिवार्य रहेगा।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:07 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 03:40 PM (IST)
इंतजार खत्‍म! कल से कीजिए बर्फीली वादियों की सैर, रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल, परमिट जरूरी
बर्फ से ढके रोहतांग दर्रे से गुजरता तेल टैंकर।

मनाली, जसवंत ठाकुर। Rohtang Pass, देश भर से मनाली आने का प्लान बना रहे सैलानियों के लिये खुशखबरी है। मनाली प्रशासन 14 जून को रोहतांग दर्रे को सैलानियों के लिए बहाल करने जा रहा है। एनजीटी के आदेशानुसार गुलाबा बैरियर से आगे जाने वाले पर्यटक वाहनों को परमिट लेना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने फिलहाल ऑफलाइन परमिट प्राप्त करने संबंधी सिस्टम की व्यवस्था की है। रोहतांग दर्रे में 2019 दिसंबर तक सब ठीक रहा लेकिन 2020 से अब तक कोविड 19 के कारण रोहतांग पर्यटकों के बिना सूना रहा। अब बीआरओ ने भी सड़क की हालत बेहतर कर दी है, जिससे सफर भी सुगम हो गया है।

550 रुपये में प्राप्त करें परमिट

550 रुपये में प्रशासन ऑफलाइन परमिट जारी करेगा। परमिट प्राप्त वाहन ही गुलाबा से आगे रोहतांग जा सकेंगे। एनजीटी के आदेशानुसार 800 पेट्रोल व 400 डीजल इंजन वाहन ही प्रतिदिन रोहतांग का रुख कर सकते हैं।  बीआरओ ने मई के तीसरे सप्ताह ही रोहतांग बहाल कर लिया था। लेकिन कोविड के कारण पर्यटक मनाली का रुख नहीं कर रहे थे। अब हालात सामान्य होने लगे हैं तो पर्यटकों ने भी मनाली का रुख किया है। प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थल रोहतांग के बहाल करने से सैलानियों सहित वाहन चालकों को भी राहत मिल जाएगी।

20 जून से उमड़ेगा मनाली में पर्यटकों का सैलाब

पर्यटन सीजन को लेकर मनाली तैयार है। मार्च महीने में पर्यटकों की आमद शून्य चल रही थी। लेकिन अब धीरे धीरे पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ने लगा है। अब 20 जून से मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ने वाला है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप ठाकुर व टैक्सी यूनियन मनाली के प्रधान पूर्ण चन्द पोहलु ने प्रशासन द्वारा रोहतांग दर्रे को सेलानियों के लिए बहाल करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन से जुड़े सभी एसोसिएशन कोविड़ के नियमों का पालन करते हुए पर्यटकों को सेवाएं देने का प्रयास करेंगे।

मढ़ी में तैयार है इको फ्रेंडली मार्किट

एनजीटी के आदेशानुसार प्रशासन ने पर्यटन स्थल मढी में इको फ्रेंडली मार्किट तैयार कर ली है। इस मार्किट का आवंटन भी प्रशासन ने कर दिया है। सैलानी इस साल 12 हजार फीट की ऊंचाई पर बनी इस मार्किट में खान पान व खरीददारी कर सकेंगे। प्रशासन मढ़ी में पर्किंग का भी निर्माण कर रहा है।

कोविड नियमों का पालन जरूरी : एसडीएम

एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया प्रशासन सोमवार से रोहतांग दर्रे को सैलानियों के लिए बहाल करने जा रहा है। प्रशासन ने गुलाबा बैरियर में सभी तैयारियां कर ली गई हैं। कोविड के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। शुरुआती दिनों में स्थानीय टैक्सी वाहन ही रोहतांग जाएंगे। कोविड के नियमों का पालन करने की शर्त पर स्थानीय वाहन चालकों को आफलाइन परमिट दिए जाएंगे। एनजीटी के आदेशों सहित कोविड के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी