सड़क पर गिरे पत्थर से कार टकराई एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल

रितेश ग्रोवर कांगड़ा नंदरूल से फरना जा रहे एक परिवार की कार सोमवार सायं करीब 7.30

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 05:33 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 05:33 AM (IST)
सड़क पर गिरे पत्थर से कार टकराई 
एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
सड़क पर गिरे पत्थर से कार टकराई एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल

रितेश ग्रोवर, कांगड़ा

नंदरूल से फरना जा रहे एक परिवार की कार सोमवार सायं करीब 7.30 बजे रानीताल में सड़क पर गिरे पत्थर से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई व तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा में भर्ती करवाया है। मृत व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय रामचंद पुत्र रणिया राम निवासी फरना पंचायत रानीताल के रूप में हुई है। इसके अलावा रामचंद की माता निर्भा देवी, सुमना देवी पत्नी तिलक राम व तिलक राम पुत्र रणिया राम घायल हुए हैं। तिलक राम पंचायत रानीताल के वार्ड दो के पंच भी हैं। घायलों की हालत गंभीर है।

रामचंद की बेटी की सोमवार सुबह ही विदाई हुई थी और दोपहर बाद परिवार बेटी के ससुराल नंदरूल गया था। लौटते समय हादसा हो गया। रानीताल पंचायत की प्रधान प्रवीण बॉबी का कहना है कि सड़क हादसे में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए नेशनल हाईवे विभाग जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पंचायत कई बार प्रशासन व विभाग से आग्रह कर चुका है कि मटौर-शिमला नेशनल हाईवे में रानीताल के पास एक-दो स्थान भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं और बरसात के मौसम में यहां चट्टानें गिरती हैं। पंचायत प्रधान ने कहा कि चार दिन पहले भी चट्टानें सड़क पर गिरी थीं पर कोई हादसा नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि चट्टानों को हटाने के लिए प्रशासन व विभाग से कई बार आग्रह भी किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसडीएम कांगड़ा अभिषेक वर्मा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने माना कि सड़क किनारे से चट्टानें न हटाना लापरवाही है और इस पर कड़ा संज्ञान लिया जाएगा। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी