प्रो कबड्डी बोली : हिमाचली डिफेंडर का दबदबा

प्रो कबड्डी 2021 सीजन आठ के लिए हुई खिलाड़ियों की बोली में इस बार हिमाचल के डिफेंडर का देशभर में दबदबा रहा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 10:31 PM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 10:31 PM (IST)
प्रो कबड्डी बोली : हिमाचली डिफेंडर का दबदबा
प्रो कबड्डी बोली : हिमाचली डिफेंडर का दबदबा

मुनीष गारिया, धर्मशाला

प्रो कबड्डी 2021 सीजन आठ के लिए हुई खिलाड़ियों की बोली में इस बार हिमाचल के डिफेंडर का देशभर में दबदबा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि कबड्डी में महाराष्ट्र, कर्नाटक व पश्चिम बंगाल से ही अच्छे खिलाड़ी नहीं निकल सकते, हिमाचल के युवाओं में भी दम है। बोली में हिमाचल के सात खिलाड़ी विभिन्न टीमों ने खरीदे हैं। इनमें चार खिलाड़ी ए श्रेणी में बिके हैं। ऊना के विशाल भारद्वाज व सोलन के बलदेव सिंह 60-60 लाख रुपये में पुनेरी पल्टन टीम ने खरीदे हैं। मंडी के महेंद्र सिंह को बेंगलुरु बुल्स ने 50 लाख व ऊना के सुरेंद्र को तेलगू टाइटन टीम ने 55 लाख रुपये में खरीदा है।

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजय ठाकुर बी श्रेणी में 46 लाख रुपये में बिके हैं। नालागढ़ के राहुल सिंह को यू मुंबा ने सी श्रेणी में 10 लाख व शिमला के अमित चौहान को तेलगू टाइटन ने डी श्रेणी में छह लाख में खरीदा है। छह खिलाड़ियों को इस बार कोई खरीदार नहीं मिला है।

सबसे ज्यादा बिके हिमाचल के डिफेंडर

इस बार प्रो कबड्डी की टीमों को सात डिफेंडरों की जरूरत थी। इनमें से हिमाचल के चार डिफेंडर बिके हैं। इनमें पुनेरी पल्टर ने ओवरआल डिफेंडर के रूप में विशाल भारद्वाज व राइट कवर के लिए बलदेव को खरीदा है। बेंगलुरु बुल्स ने लेफ्ट कवर के लिए महेंद्र सिंह व तेलगू टीम ने ओवरआल डिफेंडर के रूप में सुरेंद्र को खरीदा है। अन्य राज्यों से तीन डिफेंडर खरीदे गए हैं।

प्रो कबड्डी में देश के तीसरे सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर हैं विशाल

ऊना के देहलां गांव के विशाल भारद्वाज ने शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार के प्रोत्साहन पर कबड्डी खेलना शुरू किया। पांच साल तक साई हास्टल बिलासपुर में कबड्डी कोच जयपाल चंदेल, नंदलाल व रत्न लाल के नेतृत्व में कबड्डी का प्रशिक्षण लिया। 2017 में उनका पहली बार प्रो कबड्डी में चयन हुआ। उन्हें तेलगू टीम ने तीन लाख रुपये में खरीदा था। वह लगातार पांचवीं बार प्रो कबड्डी खेलेंगे। इस बार उन्हें पुनेरी पल्टन ने खरीदा है। वह प्रो कबड्डी में देश के तीसरे सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर हैं।

::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::

प्रदेश के लिए खुशी की बात है कि हमारे कबड्डी के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। स्टेट हास्टल व साई हॉस्टल बिलासपुर में सुरेंद्र सिंह व विशाल भारद्वाज ने पांच-पांच तथा बलदेव व महेंद्र ने आठ-आठ साल कोच से प्रशिक्षण लिया है। कुछ साल पहले तक कबड्डी में महाराष्ट्र व पश्चिम बंगाल का दबदबा होता था, लेकिन अब हमारे खिलाड़ियों ने इन राज्यों को भी पछाड़ दिया है।

-रत्न लाल ठाकुर, कबड्डी कोच

ए श्रेणी में बिके खिलाड़ी

खिलाड़ी,टीम,न्यूनतम मूल्य, बिके

विशाल भारद्वाज,पुनेरी पल्टन,30 लाख,60 लाख

बलदेव सिंह,पुनेरी पल्टन,30 लाख,60 लाख

सुरेंद्र सिंह,तेलगू टाइटन,30 लाख,55 लाख

महेंद्र सिंह,बेंगलुरु बुल्स,30 लाख,50 लाख

बी श्रेणी में बिके खिलाड़ी

अजय ठाकुर,दंबग दिल्ली,20 लाख, 46 लाख

सी श्रेणी में बिके खिलाड़ी

राहुल,यू मुंबा,10 लाख,10 लाख

डी श्रेणी में बिके खिलाड़ी

अमित चौहान,तेलगू टाइटन, 6 लाख,6 लाख

इन खिलाड़ियों को नहीं मिले खरीदार

खिलाड़ी,निवासी

नितिन,ऊना

रोहित राणा,कांगड़ा

गुरप्रीत सिंह,सोलन

हेमंत, नालागढ़

शिव ओम,नालागढ़

आकश चौधरी,ऊना

chat bot
आपका साथी