कांगड़ा की युवती पंजाब के युवक के साथ कर रही थी हेराेइन की तस्करी, पुलिस ने बड़ी खेप के साथ दबोचे
Police arrest heroine Smuggler जिला कांगड़ा के फतेहपुर की युवती व एक युवक को पंजाब पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप के साथ पकड़ा है।
डमटाल, जेएनएन। जिला कांगड़ा के फतेहपुर की युवती व एक युवक को पंजाब पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप के साथ पकड़ा है। नंगलभुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ने गुप्त सूचना के आधार एनएच 44 पर पुलिस बल के साथ नाका लगाया हुआ था। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक व युवती हेराेइन की सप्लाई करने छन्नी गांव में जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों लोगों को नाके के दौरान काबू करके हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान दोनों से 80 ग्राम (चिट्टा) हेरोइन बरामद हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर थाना पुलिस नंगलभुर लाया गया है।
डीएसपी सिटी पठानकोट राजेंद्र मन्हास ने बताया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाका लगाकर दोनों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। नाके के दौरान तलाशी लेने पर इनसे हेरोइन की बड़ी खेप बरामद हुई है। आरोपित लड़की शालू फतेहपुर जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है व युवक अजय कुमार पनियाड दीनानगर का निवासी है। लेकिन वह काफी समय से सीमावर्ती गांव छन्नी में रह रहा था। इन दोनों पर हिमाचल और पंजाब के पुलिस थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।