Piyush Goyal Himachal Visit : हिमाचल पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, सुबाथू से थी दादी इसलिए हिमाचल प्रदेश से पुराना नाता

Piyush Goyal Himachal Visit केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग और खाद्य व सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने शिमला पहुंच कर कहा कि उनका हिमाचल प्रदेश से पुराना नाता है क्‍योंकि उनकी दादी सुबाथू से हैं। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी हिमाचल प्रदेश के बारे में सोचते रहते हैं।

By Virender KumarEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 04:52 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 04:52 PM (IST)
Piyush Goyal Himachal Visit : हिमाचल पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, सुबाथू से थी दादी इसलिए हिमाचल प्रदेश से पुराना नाता
वाणिज्य और उद्योग, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल टुटू में एक टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए। जागरण

शिमला, जागरण संवाददाता। वाणिज्य और उद्योग, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने हिमाचल प्रदेश के साथ अपने संबंध को पुराना बताते हुए कहा कि उनकी दादी सोलन जिले के सुबाथू से हैं। बकौल केंद्रीय मंत्री वह एक बार सुबाथू भी जाना चाहते हैं और अपनी जड़ों को महसूस करना चाहते हैं। हिमाचल दौरे पर आए गोयल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री राजीव सहजल, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, रवि मेहता एव भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों के साथ शिमला ग्रामीण मंडल द्वारा आयोजित पौधारोपण, टीकाकरण एव स्वच्छता अभियान में भाग लिया। यह कार्यक्रम सेवा और समर्पण अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने गोयल का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जन्मदिन पर 21 दिवसीय सेवा ही समर्पण अभियान चला रही है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री की शिरकत बड़ी बात है।

जयराम के साथ 32 साल पुराना रिश्‍ता

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि देश को नरेन्‍द्र मोदी के रूप में एक सशक्‍त नेतृत्व मिला है। आज जिस प्रकार से मोदी जी ने देश को इस कोविड संकटकाल में संभाला है वो तारीफ के योग्य है। उधर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ अपने रिश्‍ते को 32 साल पुराना बताया। बकाैल गोयल, भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी का आधार स्तंभ है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को कर्मठ बताते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र के लिए दिल्ली में ज़ोरदार लड़ाई लड़ते हैं। उन्‍होंने पूर्ण राज्‍य के रूप में हिमाचल के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल छोटा प्रदेश है पर तेज़ गति से प्रगति कर रहा है।

वैक्‍सीनेशन का लक्ष्‍य छूने पर बधाई

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल पहला प्रदेश बना जिसने प्रथम वैक्सीनशन डोज़ सभी नागरिकों को लगाई और नवंबर में दूसरी डोज़ लगाने में भी देश मे हिमाचल के प्रथम स्थान आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कहते हैं कि सेवा से मेरा जन्मदिन मनाना है और ज़रूरतमंदों की मद्द करना हमारा कर्तव्य है जिसको मैने अपने जीवन का भाग बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में 20 वर्ष तक देश की सेवा की है 13 साल मुख्यमंत्री गुजरात के रूप में और 7 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में। प्रधानमंत्री जी हिमाचल के प्रभारी भी रह चुके है और हिमाचल के प्रति उनका हमेशा एक अलग चिंतन रहा है। मंत्री पीयूष गोयल ने टूटू में एक टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण भी किया।

कालीबाड़ी मंदिर में टेका माथा

शिमला अनाडेल मेंं उतरने के बाद केंद्रीय मंत्री का भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कालीबाड़ी मंदिर में आकर माथा टेका व पूजा अर्चना की।

chat bot
आपका साथी