विद्युत कट से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन

उपमंडल कांगड़ा के तहत कई गांवों में विद्युत कट लगने से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 04:30 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 04:30 AM (IST)
विद्युत कट से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
विद्युत कट से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन

जागरण संवाद केंद्र, गगल : उपमंडल कांगड़ा के तहत कई गांवों में विद्युत कट लगने से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। बैदी पंचायत के प्रधान हरमिद्र सिंह गोरा, सनौरा की प्रधान सुनीता देवी, गगल की प्रधान रेनू पठानिया व इच्छी की प्रधान कुसुमलता ने बताया कि दो दिन से विद्युत कट लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग का यही रवैया रहा तो वे आने वाले दिनों में धरने पर बैठने के लिए मजबूर हो जाएंगे। तूफान चलने से गगल व आसपास के इलाकों में बिजली चली जाती है, जबकि धर्मशाला व कांगड़ा में कभी नहीं गुल होती है। गगल पंचायत के वार्ड एक निवासी नमन शर्मा ने कहा कि 15 घंटे बाद भी न तो बिजली है और न ही पानी। चंद्र तलवाड़, विजय शर्मा, बलवीर, राजीव, सरला देवी, बिट्टू, अशोक, मोहित, आशीष शर्मा, ओनम शर्मा, कंचन शर्मा, नमन व कंचन ने कहा कि जब तक बिजली विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं करेगा तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

-------

पिछले दिनों तूफान चलने से समस्या पेश आई है। विभाग के कर्मचारी दिन-रात विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

-अतुल भाटिया, अधिशाषी अभियंता, विद्युत परिषद

------------

नाबागाड़ी के 50 घरों के लोग सिगल फेस विद्युत आपूर्ति से परेशान

संवाद सहयोगी, जसूर : उपमंडल नूरपुर की पंचायत नागाबाड़ी के वार्ड पांच के करीब 50 घरों के लोग सिगल फेस विद्युत आपूर्ति से परेशान हैं। उनका कहना है कि रात को बल्ब जुगनू की तरह जलते हैं। इससे फ्रिज, कूलर व पंखे भी नहीं चल रहे हैं। थोड़ी सी हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है और घंटों मशक्कत के बाद बहाल होती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वे करीब 35 वर्ष से समस्या झेल रहे हैं। पर्याप्त विद्युत आपूर्ति न होने से बच्चों के लैपटाप भी नहीं चल रहे हैं। इससे उन्हें पढ़ाई करने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द थ्री फेस विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि परेशानी से निजात मिल सके।

---------

नागाबाड़ी के वार्ड पांच के करीब 50 घरों के लोग सिगल फेस विद्युत आपूर्ति की समस्या झेल रहे हैं। विभाग से मांग है कि शीघ्र थ्री फेस विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाए।

-रंजन मोहन, प्रधान, नाबागाड़ी पंचायत

------------

समस्या ध्यान में लाई गई है। नागाबाड़ी में शीघ्र थ्री फेस विद्युत सप्लाई की व्यवस्था करवाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

-जफर इकबाल, अधिशाषी अभियंता, विद्युत विभाग नूरपुर

chat bot
आपका साथी