लोग ऐसे जनप्रतिनिधी चुनें जो करवाएं क्षेत्र का विकास: अनुराग ठाकुर

अनुराग ने बलदेव ठाकुर के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को जिताने का अनुरोध करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों के दौरान जो भी कमियां रही है उन्हें पूरा किया जाएगा।

By Richa RanaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 04:14 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 04:14 PM (IST)
लोग ऐसे जनप्रतिनिधी चुनें जो करवाएं क्षेत्र का विकास: अनुराग ठाकुर
लोग ऐसा प्रतिनिधि चुनें जो अपने क्षेत्र का अधिक से अधिक विकास करवा सके

फतेहपुर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण,युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लोगों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को जिताने का अनुरोध करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों के दौरान जो भी कमियां रही है, उन्हें एक वर्ष में पूरा कर दिया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की अनेक सौगातें प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास की जो भी कमियां पूर्व में रही है उन्हें पूरा करने का अब अवसर आया है। अनुराग ठाकुर ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोग ऐसा प्रतिनिधि चुनें जो सरकार में रहते हुए अपने क्षेत्र का अधिक से अधिक विकास करवा सके, इसलिए भाजपा के उम्मीदवार को जिता कर विधानसभा भेजें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उपचुनाव महत्वपूर्ण होते हैं और उप चुनाव में वोट बहुत कीमती होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम की सरकार ने पिछले 4 वर्षों में विकास को गति देने का काम किया है और उन्हीं के विकास के नाम पर वह आज यहां वोट मांगने आए। इस दौरान मंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेकों जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज आम नागरिक को घर द्वार पर सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा रवि व खरीफ की फसलों की खरीदारी घर द्वार पर की जा रही है और ऐसा 75 वर्षों में पहली बार हुआ है। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो काम कांग्रेस नहीं कर पाई, वह काम भाजपा की सरकार देश व प्रदेश में कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने किसानों की आय को दोगुना करने का काम किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के समय स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट आई थी। जिसमें कहा गया था कि लागत का 50 प्रतिशत मुनाफा दिया जाएगा, लेकिन कांग्रेस ने उसको लागू नहीं किया। जबकि मोदी सरकार ने स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू किया और लागत का 50 प्रतिशत मुनाफा मोदी सरकार ने तय किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में जहां एमएसपी के दामों में बढ़ोतरी की है वही एमएसपी के तहत रिकॉर्ड खरीद भी की गई है। अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में हो रहे चारों उप चुनावों में जीत का दावा भी किया।

chat bot
आपका साथी