सात राज्यों से आने वालों को दिखानी होगी कोरोना नेगटिव रिपोर्ट

हाई लोड वाले सात राज्यों पंजाब दिल्ली महाराष्ट्र गुजरात कर्नाटक राजस्थान और उत्तर प्रदेश मेेंं कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। हिमाचल में दाखिल होने से पहले इन राज्यों के लोगों को 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 04:55 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 04:55 PM (IST)
सात राज्यों से आने वालों को दिखानी होगी कोरोना नेगटिव रिपोर्ट
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का फाइल फोटो। जागरण आर्काइव

शिमला, राज्य ब्यूरो। हाई लोड वाले सात राज्यों पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान और उत्तर प्रदेश मेेंं कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। हिमाचल में दाखिल होने से पहले इन राज्यों के लोगों को 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकारों द्वारा कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए जारी की सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं तथा दिशानिर्देश को कड़ाई से लागू किया जाएगा। हाई लोड वाले सात राज्यों को 16 अप्रैल के बाद प्रदेश में आने के लिए 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर नेगटिव रिपोर्ट लानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पर्यटकों को आने की अनुमति प्रदान की है लेकिन वायरस को फैलने से रोकने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं का होटल मालिकों तथा पर्यटकों द्वारा कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। मानक संचालन प्रक्रियाओं के उल्लंघन में शामिल लोगों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जेसी शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अशोक तिवारी तथा स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी भी बैठक में उपस्थित थे।

माइक्रो कंटेनमेंट जोन की प्रभावी निगरानी के साथ जांच, ट्रेङ्क्षसग तथा उपचार की दोहरी रणनीति पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरटीपीसीआर जांच के 70 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आरटीपीसीआर जांच पर भी अधिक बल दिया जाना चाहिए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में बिस्तरों की क्षमता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने चाहिए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन के न्यूनतम अपव्यय को भी सुनिश्चित करना चाहिए। प्रदेश में गत 45 दिनों के दौरान 10,690 कोविड के मामले रिपोर्ट किए गए हैं। कोरोना के कारण मृत्यु के मामले भी बढ़े हैं। 45 दिन के दौरान प्रदेश में 120 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है।

मंदिरों में लंगर, भंडारे व जागरण पर प्रतिबंध रहेगा

प्रदेश सरकार ने नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं को प्रदेश में विभिन्न मंदिरों के भ्रमण पर आने की अनुमति प्रदान की है लेकिन इसके साथ ही लंगर, भंडारे तथा जागरण के आयोजन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं को सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए तथा फेस मास्क पहनकर पूजा एवं दर्शन करने के लिए मंदिरों में अनुमति प्रदान की है। मंदिर प्रबन्धन को राज्य सरकार द्वारा जारी की गई मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करना होगा।   

ओवर लोडिंग पर तुरंत प्रभाव से रोक

बसों व अन्य सार्वजनिक यातायात माध्यमों और निजी वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों में भी फेस मास्क पहनना कड़ाई से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विवाह जैसे सामाजिक समारोहों के आयोजन से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी