नादौन में ब्यास की लहरों पर रोमांच का सफर

अब नादौन से देहरा तक ब्यास नदी में रिवर राफ्टिंग का मजा लिया जा सकेगा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 08:23 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 08:23 PM (IST)
नादौन में ब्यास की लहरों पर रोमांच का सफर
नादौन में ब्यास की लहरों पर रोमांच का सफर

संवाद सहयोगी, ज्वालामुखी : ज्वालामुखी के बिल पट्टियां में पैराग्लाइडिग की सफल उड़ान के बाद ब्यास नदी में वीरवार से रिवर राफ्टिग शुरू हो गई। राफ्टिग नादौन के पत्तन बाजार से देहरा के चंबापतन के बीच होगी। पर्यटन विभाग ने इसके लिए राफ्टिग आपरेटर नियुक्त कर दिए हैं। राफ्टिग अधिकृत तौर पर 12 माह की जा सकेगी। इसके लिए अधिसूचना जारी की गई है।

गौरतलब है कि 2019 में भी प्रशासन ने ब्यास में राफ्टिग की आधिकारिक शुरुआत की थी, लेकिन तब केवल कुछ समय के लिए ही इसे स्वीकृति मिली थी। इस बार पर्यटन विभाग ने राफ्टिग को आधिकारिक तौर नियमित घोषित किया है। अब लोग कभी भी यहां आकर राफ्टिग का मजा ले सकते हैं। राफ्टिग आपरेटर सचिन ने बताया कि वीरवार को पहले दिन 15 लोगों ने नादौन से चंबापतन के बीच राफ्टिग की है। इनमें से पांच लोग हरियाणा के करनाल और अन्य शिमला, हमीरपुर व कांगड़ा से थे। यहां पर जल्स हाउस आफ हॉस्पिटेलिटी राफ्टिग कंपनी लोगों को रोमांच का सफर करवा रही है।

तीन रूट तय किए

कंपनी की संचालक राधिका सूद ने बताया की राफ्टिग के लिए तीन रूट तय किए हैं। नादौन के पत्तन बाजार से चामुखा के लिए 700 रुपये प्रति व्यक्ति, पत्तन बाजार से कालेश्वर महादेव के लिए एक हजार रुपये प्रति व्यक्ति और पत्तन बाजार से देहरा के लिए 2000 रुपये प्रति व्यक्ति दाम तय किया है। उधर जिला पर्यटन अधिकारी हमीरपुर रवि धीमान ने बताया कि नादौन से चंबापतन तक अब 12 माह रिवर राफ्टिग की जा सकेगी। इसके लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। फिलहाल एक राफ्टिग कंपनी इसके लिए पंजीकृत है।

chat bot
आपका साथी