छह दिन बाद भी नहीं लगा नीरज का सुराग

जागरण संवाददाता धर्मशाला बोह घाटी के रुलेहड़ में हुए भूस्खलन में दबे नीरज कुमार क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Jul 2021 09:44 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 09:44 PM (IST)
छह दिन बाद भी नहीं लगा नीरज का सुराग
छह दिन बाद भी नहीं लगा नीरज का सुराग

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : बोह घाटी के रुलेहड़ में हुए भूस्खलन में दबे नीरज कुमार का छह दिन बाद भी सुराग नहीं लगा है। 12 जुलाई को हुई इस त्रासदी के बाद से ही जिला प्रशासन सहित एनडीआरएफ की टीमें लापता हुए लोगों की तलाश में जुट गई थी। छह दिन के रेस्क्यू आपरेशन के बाद भी नीरज का पता नहीं चल पाया है। वहीं घाटी के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि बोह-रुलेहड़-दरीणी-शाहपुर मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी तौर पर बहाल कर दिया है। इससे बोह घाटी के लोग दरीणी व शाहपुर से जुड़ गए हैं।

उधर, विभिन्न संस्थाओं ने शनिवार को भूस्खलन से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भेंट की है। संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उन्हें ढाढस बंधाया कि वह उनके साथ हैं और उनकी हरसंभव सहायता करेंगे।

12 जुलाई को बोह के रुलेहड़ में भूस्खलन के कारण कई परिवार प्रभावित हुए थे। मलबे में दबने से नौ लोगों की मौत हो गई है। पांच लोगों को बचा लिया गया था, जो अब स्वस्थ हैं। लेकिन नीरज कुमार का सुराग नहीं लग पाया है। छह दिन से रेस्क्यू में जुटी एनडीआरएफ की कुछ टीमें लौट गई हैं। अभी तक टीम के 10 सदस्यों सहित होमगार्ड व पुलिस जवान मौके पर तैनात हैं। रोटरी क्लब सेंट्रल धर्मशाला ने दी राहत सामग्री

रोटरी क्लब सेंट्रल धर्मशाला के पदाधिकारी शनिवार को बोह के रुलेहड़ पहुंचे। पदाधिकारियों ने प्रभावित हुए परिवारों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें भोजन सहित राहत सामग्री में सैनिटाइजर व दवाएं भेंट की। क्लब अध्यक्ष वरुण कटोच व सचिव संदीप जोशी सहित सदस्य प्रदीप, नीलम, अजय राणा, सुरेश कुमार, राजन शर्मा, अजय सरोत्री, हंसराज, शैलेंद्र मेहता व नरेश पटियाल ने एनडीआरएफ टीमों को भी सामग्री भेंट की।

------------

बोह-रुलेहड़-दरीणी शाहपुर मार्ग को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया है। मौके पर दो जेसीबी लगा दी गई हैं। इसके अलावा शाहपुर के तहत ऊपरी क्षेत्र के बंद मार्गो को भी बहाल कर दिया गया है।

-विजय वर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मंडल कांगड़ा -----------

सभी अधिकारियों को अलर्ट किया : डा. जिंदल

उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल ने कहा है कि मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में सभी विभागों के अधिकारियों को सजग रहने और जिला प्रशासन से सीधे संपर्क में रहने के आदेश जारी किए गए हैं, ताकि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की जा सके। किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर 1077 या दूरभाष नंबर 01892 229050 पर संपर्क किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी