Vidhansabha Special Session राष्ट्रपति का संबोधन सुनने आएंगे 100 से अधिक पूर्व विधायक

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम वर्ष में विधानसभा में विशेष सत्र के दौरान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का संबोधन सुनने के लिए तेरहवीं विधानसभा के सभी विधायकों के साथ 100 से अधिक पूर्व विधायक भी सदन में रहेंगे।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 10:08 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 10:08 PM (IST)
Vidhansabha Special Session राष्ट्रपति का संबोधन सुनने आएंगे 100 से अधिक पूर्व विधायक
राष्टपति का संबोधन सुनने के लिए मौजूद रहेंगे 100 से अधिक पूर्व विधायक। जागरण आर्काइव

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम वर्ष में विधानसभा में विशेष सत्र के दौरान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का संबोधन सुनने के लिए तेरहवीं विधानसभा के सभी विधायकों के साथ 100 से अधिक पूर्व विधायक भी सदन में रहेंगे। पूर्व विधायक दर्शक दीर्घा में बैठेंगे। सदन में अध्यक्ष के आसन के साथ अति विशिष्ट लोगों के कक्ष में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल सहित सांसद किशन कपूर, सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी व आनंद शर्मा मौजूद रहेंगे।

विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी पूर्व विधायकों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। 134 पूर्व विधायकों को विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। माना जा रहा है कि अस्वस्थ विधायकों को छोड़कर सभी विधानसभा पहुंचेंगे। ऐसे भी विधायक हैं जो सांसद भी रह चुके हैं। ऐसे में 100 से अधिक पूर्व विधायक स्वर्णिम वर्ष पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में शामिल होंगे। सामान्य प्रशासन सचिव देवेश कुमार व विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा का कहना है कि राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं।

नड्डा व अनुराग को न्योता

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को विधानसभा में आयोजित हो रहे विशेष सत्र में शामिल होने का न्योता दिया। नड्डा राज्यसभा सदस्य हैं और इससे पहले तीन बार विधायक रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार चौथी बार सांसद चुने गए हैं। शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल भी विधायक रहने के साथ लोकसभा सदस्य रह चुके हैं।

पीटरहाफ, सर्किट हाउस व होटल होली-डे होम बुक

सरकार ने विधानसभा के विशेष सत्र को देखते हुए शिमला स्थित राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ, सर्किट हाउस और लिफ्ट के समीप होटल होली-डे होम को बुक कर लिया है। ये स्थान 15 से 18 सितंबर तक सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के पास रहेंगे। यदि जरूरत पड़ती है तो विभिन्न विभागों के विश्राम गृह और निजी होटल भी बुक किए जाएंगे। सरकार की ओर से करीब 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

14 को होंगे आरटीपीसीआर टेस्ट

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान राम नाथ कोविन्द के नजदीक रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के आरटीपीसीआर टेस्ट 14 सितंबर को राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में होंगे। विधानसभा सचिव यशपाल सहित विधानसभा के 15 अधिकारियों व कर्मचारियों का आरटीपीसीआर टेस्ट होगा। इसके अलावा पर्यटन विकास निगम व सामान्य प्रशासन विभाग के कर्मियों और पुलिस कर्मचारियों का टेस्ट भी होगा।

जीएडी ने 90 वाहन दिए पुलिस को

राष्ट्रपति दौरे के दृष्टिगत सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने पुलिस को 90 वाहन दिए हैं। सुरक्षा के लिए वाहन सेना के रहेंगे। राष्ट्रपति के काफिले को सुरक्षा चक्र में रखने के लिए राष्ट्रपति सचिवालय के दिशानिर्देश पर हर स्तर के वाहन दिल्ली से ही आएंगे।

chat bot
आपका साथी