बागवानों के कंधों पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहीं राजनीतिक पार्टियां: महेंद्र सिंह ठाकुर

बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बागवानों के कंधों पर बैठकर कांग्रेस व माकपा नेताओं पर राजनीतिक रोटियां सेंकने आ गंभीर आरोप लगाया है। सेब पर आंदोलन करने की धमकी देने वाले विपक्ष को बताया कि 31 वर्ष पहले सेब का समर्थन मूल्य देने की घोषणा हुई थी।

By Richa RanaEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 05:01 PM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 05:01 PM (IST)
बागवानों के कंधों पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहीं राजनीतिक पार्टियां: महेंद्र सिंह ठाकुर
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कांग्रेस व माकपा नेताओं पर राजनीतिक रोटियां सेंकने आ गंभीर आरोप लगाया है।

शिमला,राज्‍य ब्‍यूरो। बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने बागवानों के कंधों पर बैठकर कांग्रेस व माकपा नेताओं पर राजनीतिक रोटियां सेंकने आ गंभीर आरोप लगाया है। सेब पर आंदोलन करने की धमकी देने वाले विपक्ष को बताया कि 31 वर्ष पहले सेब का समर्थन मूल्य देने की घोषणा हुई थी और पिछली कांग्रेस सरकार तक समर्थन मूल्य 6 रुपये प्रति किलो पहुंचा। जबकि भाजपा सरकार ने तीन वर्ष में सेब का समर्थन मूल्य ढाई रुपये बढ़ाया है। इससे पता चलता है कि किसान-बागवान हितैषी कौन है।

उन्होंने बागवानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं का समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सचिवालय स्थित कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का किसान-बागवान अच्छी तरह से जानता है कि कांग्रेस को उनकी कितनी चिंता है। इस समय कांग्रेस के छह-सात नेताओं में पार्टी का नेतृत्व हासिल करने के लिए मल युद्ध चल रहा है। जिसके कारण कांग्रेस नेता सरकार के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश में निकट भविष्य में होने वाले उपचुनाव को लेकर घबरा गई है। हर क्षेत्र में चाहे जुब्बल-काेटखाई का उपचुनाव हो या फिर मंडी लोकसभा का उपचुनाव हर जगह हार होती नजर आ रही है।

अदानी से मेरे व सरकार के मंत्रियों के संबंध साबित करने की दी चुनौती

उनका कहना था कि ऐसा प्रचार किया जा रहा है कि मेरे अदानी के साथ संबंध हैं। मैंने तो कभी अदानी की शक्ल तक नहीं देखी है। मैं आरोप लगाने वाले विपक्षी नेताओं को खुली चुनौती देता हूं कि साबित कर दें कि मैं या सरकार का कोई मंत्री अदानी के संपर्क में है। अगले साल विधानसभा के आम चुनाव को देखते हुए कांग्रेस के साथ माकपा नेता भी एकजुट हो गए हैं। ताकि चुनाव में किसी भी तरह के आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ उठाया जा सके।

किन्नौर का सेब देश-विदेश पहुंचाया जाएगा

सरकार ने सेब का मूल्य गिरने से सबक लेते हुए निर्णय लिया है। इस बाबत महेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से किन्नौर के सेब को बाजार में अच्छा दाम दिलाने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से एक प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। जिससे किन्नौर के सेब को देश व विदेश की मंडियों में पहुंचाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी