हिमानी चामुंडा से हेली टैक्सी सेवा हुई हवा

सुरेश कौशल योल धार्मिक और एतिहासिक महत्व रखने वाली आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए स

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 02:28 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 02:28 AM (IST)
हिमानी चामुंडा से हेली टैक्सी सेवा हुई हवा
हिमानी चामुंडा से हेली टैक्सी सेवा हुई हवा

सुरेश कौशल, योल

धार्मिक और एतिहासिक महत्व रखने वाली आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को साकार करने का बीड़ा उठाया, ताकि धार्मिक ही नहीं पर्यटन की दृष्टि से भी इस क्षेत्र को विकसित किया जा सके। सबसे पहले सरकार ने पर्यटन को पंख लगाने के लिए हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए हेली टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया, लेकिन दो साल बाद ही हेली टैक्सी सेवा हवा हवाई हो कर रह गई।

वास्तव में दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित धौलाधार पर्वत श्रृंखला की तलहटी में चंद्रधार पर आदि हिमानी चामुंडा पर्यटकों के लिए एक आकर्षक स्थल बन सकता है। बशर्ते 14 किलोमीटर की दूरी को कम कर दिया जाए, लेकिन ऐसा आज तक हो नहीं पाया। हेली टैक्सी सेवा सबसे सुगम जरिया था यहां पहुंचने का, जिसका सही संतुलन न बन पाने से दो साल बाद ही योजना धरी की धरी रह गई। अक्टूबर, 2014 के दौरान दिल्ली की आर्यन एविएशन कंपनी ने डाढ़ मेला मैदान में हेलीपैड तैयार कर हिमानी चामुंडा के लिए हेली टैक्सी सेवा शुरू करने का बीड़ा उठाया था, लेकिन खराब मौसम के कारण सफल उड़ान नही हो सकी। अप्रैल 2016 में फिर ट्रायल शुरू किया, लेकिन डाढ़ पंचायत ने जमीन देने से इन्कार कर दिया और आर्यन एविएशन कंपनी मैदान छोड़ गई। मई, 2016 के दिल्ली की ही सुमित एविएशन कंपनी ने नवंबर तक सफल उड़ान भरी, लेकिन किराया ज्यादा होने व पंचायत के साथ सामंजस्य न बन पाने के कारण कंपनी ने सारा तामझाम समेट लिया। बहरहाल ऐसा लगता है कि मां हिमानी चामुंडा को पैदल यात्रा ही रास आती है।

हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं सिरे ही नहीं चढ़ पाई। हालांकि यह स्थल धार्मिक ही नहीं पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित हो सकता है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

-ललित शर्मा।

दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हिमानी चामुंडा मंदिर एक ऐतिहासिक महत्व भी रखता है। इसको विकसित करने के लिए योजनाएं धरातल पर उतारने की जरूरत है। प्रशासन ओर कंपनी का सही तालमेल न होने से हेली टैक्सी सेवा फ्लाप हुई है।

-सुभाष चंद। मंदिर न्यास की बैठक में हिमानी चामुंडा मंदिर की प्रस्तावित योजनाओं को सिरे चढ़ाने के लिए प्रस्ताव लाए जाते रहे हैं। हिमानी चामुंडा के लिए हेली टैक्सी सेवा किराया ज्यादा होने के कारण ठप हुई है।

-संसार मित्र दीक्षित। आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए हेली टैक्सी सेवा कुछ कारणों से सफल नहीं हो पाई अब भविष्य में इसका कोई प्रस्ताव नहीं है।

-सुनयना शर्मा, उपनिदेशक पर्यटन विभाग। हेलीपैड के लिए पंचायत ने जमीन देने से मना कर दिया। इसी वजह से उड़ान नहीं हो सकी। यदि सरकार फिर सेवा का मौका देती है तो कंपनी तैयार है।

-कर्नल वेद शर्मा, प्रभारी आर्यन एविएशन कंपनी दिल्ली।

chat bot
आपका साथी