सोलन शहर के करोड़पति जमा नहीं करवा रहे 1.38 करोड़ रुपये का पानी का बिल, एक हजार उपभोक्ताओं को नगर निगम ने भेजा नोटिस

नगर निगम सोलन के करोड़पति भी पानी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। निगम ने करीब एक हजार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं जिन्होंने छह माह से पानी का बिल जमा नहीं करवाया है। इनसे एक करोड़ 38 लाख 941 रुपये की राशि वसूल की जानी है।

By Virender KumarEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 08:04 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 08:04 PM (IST)
सोलन शहर के करोड़पति जमा नहीं करवा रहे 1.38 करोड़ रुपये का पानी का बिल, एक हजार उपभोक्ताओं को नगर निगम ने भेजा नोटिस
सोलन शहर के करोड़पति जमा नहीं करवा रहे 1.38 करोड़ रुपये का पानी का बिल। जागरण आर्काइव

सोलन, भूपेंद्र ठाकुर। नगर निगम सोलन के तहत करोड़पति लोग भी पानी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। निगम ने ऐसे ही करीब एक हजार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं, जिन्होंने छह माह से पानी का बिल जमा नहीं करवाया है। इन उपभोक्ताओं से एक करोड़ 38 लाख 941 रुपये की राशि वसूल की जानी है।

नगर निगम सोलन द्वारा शहर में 10805 घरेलू व व्यासायिक पानी के कनेक्शन जारी किए गए हैं। नगर निगम जल शक्ति विभाग से 31.75 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से पानी खरीद रहा है और शहर में यह पानी लोगों को 22 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से वितरित किया जा रहा है। निगम को पानी की सप्लाई से करीब चार करोड़ रुपये की आय प्रति वर्ष हो रही है। महंगा पानी खरीद कर उपभोक्ताओं को सस्ते रेट पर मुहैया करवाया जा रहा है। बावजूद इसके सोलन शहर के कई ऐसे लोग हैं जो छह माह से निगम को बिल नहीं दे रहे हैं। कुछ तो ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने एक वर्ष से बिल के नाम पर निगम को एक पैसा नहीं दिया है। निगम इन उपभोक्ताओं को बार-बार नोटिस जारी कर चुका है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं में सोलन शहर के कुछ ऐसे भी लोग शामिल हैं जिनका रुतबा काफी ऊंचा है। इन लोगों पर हाथ डालने से निगम के कर्मचारी व अधिकारी भी डरते हैं।

नगर निगम सोलन के एसडीओ गोपी चंद का कहना है कि डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं तथा बिल की बकाया राशि जल्द जमा किए जाने की चेतावनी दी गई है।

नगर निगम पर 78 करोड़ रुपये का कर्ज

नगर निगम जल शक्ति विभाग से 31.75 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से पानी खरीद रहा है और 22 रुपये प्रति हजार लीटर के हिसाब से उपभोक्ता से बिल लिया जा रहा है। यही वजह है कि जल शक्ति विभाग को निगम कभी भी पूरा बिल नहीं दे पाता है। निगम पर 78 करोड़ रुपये की देनदारी हो चुकी है। जल शक्ति विभाग कई बार बकाया राशि जमा करवाने के लिए नोटिस जारी कर चुका है।

chat bot
आपका साथी