मंडी संसदीय उपचुनाव में पूर्व मंत्री और रामस्‍वरूप शर्मा के बूथ में भी कांग्रेस को मिली बढ़त, पढ़ें खबर

Mandi By Election Congress Lead भाजपा नेता गुलाब सिंह ठाकुर की गृह पंचायत नेर घरवासड़ा के मझारनू बूथ में भाजपा को 224 जबकि कांग्रेस को 229 वोट मिले। यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को पांच वोट की बढ़त मिली।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Wed, 03 Nov 2021 01:16 PM (IST) Updated:Wed, 03 Nov 2021 01:16 PM (IST)
मंडी संसदीय उपचुनाव में पूर्व मंत्री और रामस्‍वरूप शर्मा के बूथ में भी कांग्रेस को मिली बढ़त, पढ़ें खबर
मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव में भाजपा को दिग्‍गजों के बूथ पर भी हार मिली है।

जोगेंद्रनगर, मंडी, जागरण टीम। भाजपा नेता गुलाब सिंह ठाकुर की गृह पंचायत नेर घरवासड़ा के मझारनू बूथ में भाजपा को 224 जबकि कांग्रेस को 229 वोट मिले। यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को पांच वोट की बढ़त मिली। मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल के शहरी क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों में से तीन में भाजपा को बढ़त मिली जबकि तीन मतदान केंद्रों में कांग्रेस का दबदबा रहा। आयुर्वेदिक कालेज के तहत आने वाले शहरी क्षेत्र के कुल 492 मतदाताओं में 220 मत भाजपा प्रत्याशी को जबकि 269 वोट कांग्रेस को मिले। बाल पाठशाला में स्थित मतदान केंद्र में 208 वोट भाजपा को जबकि 269 वोट कांग्रेस के खाते में गए। यहां पर कुल 483 मतदाता चिह्नित थे। आदर्श कन्या पाठशाला में बनाए गए मतदान केंद्र में प्रतिभा सिंह को 306 जबकि भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को 145 वोट ही मिले हैं। यहां पर 455 मतदाता थे।

रामस्वरूप शर्मा के बूथ सेरू से कांग्रेस को मिली एक वोट की लीड

पूर्व सांसद रामस्वरूप शर्मा के गृह बूथ सेरू में कांग्रेस को एक वोट की बढ़त मिली है। यहां 466 मतदाताओं में से 230 ने भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के पक्ष में मतदान किया जबकि 231 मतदाताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह पर पर भरोसा जताया।

बढ़त नहीं दिला पाए मंत्री गोविंद व मार्कंडेय

शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर व तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय अपने-अपने हलके व गृह जिले में भाजपा की नाक नहीं बचा पाए। दोनों के हलकों व जिलों में कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त मिली। लाहुल स्पीति के विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मार्कडेंय ने जिला परिषद के चुनाव में भाजपा को मिली हार से भी कोई सबक नहीं सीखा। वह क्षेत्र के 23,790 मतदाताओं की नब्ज टटोलने में पूरी तरह विफल रहे। 23,790 से 13,547 ने मतदान किया था। कांग्रेस यहां 2147 मतों की बढ़त ले गई। बादल फटने व बाढ़ से लाहुल स्पीति में मानसून के दौरान भारी नुकसान हुआ था। क्षेत्र के किसान व बागवान भाजपा से नाराज थे।

भाजपा ने कुल्लू जिले का दायित्व शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर को सौंपा था। उनके गृह हलके मनाली से कांग्रेस बढ़त ले गई। कुल्लू जिले के चारों हलकों में कांग्रेस ने 14,659 मतों की बढ़त लेकर यहां से प्रतिभा सिंह की जीत की नींव रखी। इसी जिले के आनी हलके की जनता को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुछ माह पहले एसडीएम कार्यालय की सौगात दी थी। जनता ने उसे भी कोई तवज्जो नहीं दी। आनी से सर्वाधिक 7043 मतों की बढ़त मिली। भाजपा नेता उपचुनाव को 2019 के आम चुनाव की तरह ही देखते रह गए। हवा का रुख ही नहीं भांप पाए।

chat bot
आपका साथी