Weekend Jam : वीकेंड पर सनवारा टोल प्लाजा पर लगा लंबा जाम, रेंगते रहे वाहन

परवाणू-सोलन फोरलेन पर स्थित सनवारा टोल प्लाजा पर रविवार को हजारों वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रही। प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों के साथ प्रदेश से बाहर जा रहे वाहनों को भारी जाम का सामना करना पड़ा।

By Virender KumarEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 08:23 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 08:23 PM (IST)
Weekend Jam : वीकेंड पर सनवारा टोल प्लाजा पर लगा लंबा जाम, रेंगते रहे वाहन
वीकेंड पर सनवारा टोल प्लाजा पर लंबा जाम लगा । जागरण

सोलन, संवाद सहयोगी। वीकेंड (सप्ताहांत) पर प्रदेश में भारी पर्यटकों की आवाजाही रही, जिससे सड़कों पर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही।

परवाणू-सोलन फोरलेन पर स्थित सनवारा टोल प्लाजा पर रविवार को हजारों वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति बनी रही। प्रदेश में प्रवेश करने वाले वाहनों के साथ प्रदेश से बाहर जा रहे वाहनों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। शाम के समय टोल प्लाजा पर चंडीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी लंबी कतारें फोरलेन पर लगी रहीं। इससे सैकड़ों वाहन जाम में रेंगते नजर आए। वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद के चलते वाहनों की कतारें लग जाती है और टोल प्लाजा पर फीस वसूलने में अधिक समय लगने से वाहनों की कतारें करीब एक किमी तक लग जाती है।

सोलन जिला के चायल, कसौली, बड़ोग व शिमला की ओर पर्यटकों की आवाजाही काफी संख्या में रही। पर्यटन नगरी कसौली में भी पर्यटकों की भारी आमद से बाजारों में रौनक लगी रही। इससे पर्यटन व्यावसायियों व दुकानदारों के व्यवसाय में भी वृद्धि हुई। वहीं, कसौली व गढख़ल बाजार की सड़कों में भी पर्यटकों के वाहनों से जाम की स्थिति बनी रही। इससे स्थानीय लोगों व निजी बसों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में भी देरी का सामना करना पड़ा।

बारिश और भूस्खलन से तीन सड़कें बाधित

जिला सिरमौर में बारिश और भूस्खलन से लोक निर्माण विभाग की परेशानी थमती नजर नहीं आ रही है। रविवार को जिले की तीन सड़कें बाधित रहीं। हालांकि लोक निर्माण विभाग इन्हें खोलने में लगातार प्रयासरत रहा, मगर बार-बार भूस्खलन होने से ये सड़कें बहाल नहीं हो पाईं। शनिवार रात हुई बारिश से रविवार को संगड़ाह मंडल की दो और पांवटा साहिब मंडल की एक सड़क बंद रही। इनमें ददाहू-कोटीधिमान, बोरली सियूं और पांवटा साहिब की मेहत-गवाणा सड़कें शामिल हैं।

जिले की अन्य सड़कों पर भी बरसात से जगह-जगह पत्थर व मलबा आ रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बरसात का असर लोगों की फसलों पर पड़ रहा है। जिले में मक्की की फसल भी बरिश के चलते प्रभावित हो रही है। टमाटर, शिमला मिर्च, धनिया व अन्य नकदी फसलों पर भी बारिश का असर पड़ा है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वीएन पराशर ने बताया कि सड़कों को बहाल करने का काम जारी है।

chat bot
आपका साथी