चौपाल में राह चलते युवक पर झपटा तेंदुआ, सामने से वाहन आ जाने पर जंगल की ओर भागा

Himachal Leaopard Attacks विकास खंड चौपाल की झिकनीपुल पंचायत में इन दिनों तेंदुए की दहशत है। बार-बार तेंदुए दिखने से दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का सुबह शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। तेंदुए ने एक युवक पर अचानक हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 01:58 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 01:58 PM (IST)
चौपाल में राह चलते युवक पर झपटा तेंदुआ, सामने से वाहन आ जाने पर जंगल की ओर भागा
झिकनीपुल पंचायत में तेंदुए ने एक युवक पर अचानक हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।

नेरवा, संवाद सूत्र। विकास खंड चौपाल की झिकनीपुल पंचायत में इन दिनों तेंदुए की दहशत है। बार-बार तेंदुए दिखने से दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का सुबह शाम घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। तेंदुए ने एक युवक पर अचानक हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। झिकनीपुल पंचायत के जुरू नाला में राजस्थान निवासी 18 वर्षीय विष्णु पुत्र बद्री लाल पंडित जड़ाना में कमल कपाईक के घर में मिस्त्री का काम कर रहा है। इस दौरान घर जाते हुए तेंदुए ने अचानक जुरू नाला के पास उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने युवक पर छलांग लगा दी, छलांग लगाते ही युवक ने उसके दोनों पंजे पकड़ लिए जिस कारण तेंदुआ युवक की गर्दन पर वार नहीं कर सका।

तेंदुए के हमले से युवक सड़क पर गिर गया। इसी बीच सड़क में सामने से वाहन आता देख तेंदुआ घबरा कर सड़क से नीचे कूद गया। जिस कारण युवक की जान बच गई। इस छीनाझपटी में युवक के पेट पर दो नाखून लग गए। साथ ही सड़क पर नीचे गिरने की वजह से युवक को अंदरुनी चोटें भी आई हैं। घबराया युवक जैसे तैसे कमल कपाईक के घर पहुंचा। उसने कमल कपाईक व अपने साथियों को आप बीती बताई। वह लोग उसे सिविल अस्पताल नेरवा ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।

वन मंडल अधिकारी से ग्रामीणों ने मुआवजे और तेंदुए को पकडऩे की मांग की

स्थानीय निवासी कमल कपाइक, राकेश जिंटा, रणवीर कपाईक, युवा सामाजिक कार्यकर्ता विशाल चौहान आदि ने वन मंडल अधिकारी चौपाल से मांग की है कि युवक बहुत गरीब है। इसको  इलाज का खर्च सहित उचित मुआवजा दिया जाए। युवक इस समय काम करने में भी असमर्थ है। साथ ही यह भी मांग की है कि इस तेंदुए को वन विभाग जल्द से जल्द पकड़े, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न घटे।

chat bot
आपका साथी