हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने मांगों को लेकर प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में धर्मशाला में की नारेबाजी
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के हड़ताल पर चले जाने से परिवहन निगम की बसों के पहिये थम गए हैं। हालांकि सुबह के समय एचआरटीसी की बसें तो दौड़ी लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद हड़ताल शुरू होने के बाद बसों के पहिये थम गए।
धर्मशाला, संवाद सहयागी। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के हड़ताल पर चले जाने से परिवहन निगम की बसों के पहिये थम गए हैं। हालांकि सुबह के समय एचआरटीसी की बसें तो दौड़ी, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद हड़ताल शुरू होने के बाद बसों के पहिये थम गए और बसें बस स्टैंड से ही नहीं हिली। इस कारण जिलेभर में एचआरटीसी के न चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये हड़ताल पीस मील कर्मियों की मांगें न माने जाने पर शुरू हुई है। वहीं मांगों को लेकर पहले ही जिला कांगड़ा के विभिन्न डिपुओं में पीस मील वर्करों के साथ हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने बैठकें की थीं। जिसमें पीस मील वर्करों को नियमित किए जाने व उनके लिए स्थायी नीति बनाने की मांग उठाई गई थी। लेकिन इस मांग सहित अन्य मांगों को पूरा न किए जाने पर अब हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के नेतृत्व में पीस मील वर्करों जिसमें चालक-परिचालक सहित अन्य हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं धर्मशाला में जमकर नारेबाजी भी की गई और अभी भी हड़ताल जारी हैं।
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर व ड्राइवर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मिलाप सिंह चौधरी ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि समयारिणी के मुताबिक एचआरटीसी हो या फिर निजी बस ऑपरेटर सभी को बराबर समय मिलना चाहिए। पीस मील वर्करों को नियमित किया जाने के साथ अन्य मांगों को सरकार तुरंत पूरा करे। उन्होंने कहा कि निगम कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग उठाई कि वह जल्द इस दिशा में कदम उठाए और उनकी मांगों को पूरा करें।