योग से निरोग रहने का लिया संकल्प

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में सुबह योग शिविरों का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 09:21 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 09:21 PM (IST)
योग से निरोग रहने का लिया संकल्प
योग से निरोग रहने का लिया संकल्प

जागरण टीम, धर्मशाला : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में सुबह योग शिविरों का आयोजन किया गया। पंतजलि योग समिति कांगड़ा व निजी स्कूलों में आनलाइन कार्यक्रम हुए। इस दौरान लोगों ने योग से निरोग रहने का संकल्प लिया। कई विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों ने शिविरों में भाग लेकर योग रखे निरोग का संदेश दिया।

जिलास्तरीय योग दिवस धर्मशाला में पुलिस विभाग के कांफ्रेंस हाल में मनाया गया। सांसद किशन कपूर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर एएसपी दिनेश शर्मा, डीएसपी बलदेव दत्त शर्मा व जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. अंजली शर्मा भी उपस्थित रहे।

तृप्ता पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चलवाड़ा के नर्सरी से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों ने घर में योग किया। शारीरिक शिक्षक संदीप कुटलैड़िया व रमेश कुमार ने विद्यार्थियों को आनलाइन योगासन करवाया। प्रधानाचार्य राकेश राणा ने विद्यार्थियों को योग कीा महत्व बताया। शाहपुर की दुरगेला पंचायत के ठंबा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमल शर्मा की अगुवाई में योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश सचिव अशोक वशिष्ठ, वार्ड पंच मीना देवी, भाजयुमो जिला प्रवक्ता वीरेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल सिहुंवा व महर्षि विद्या मंदिर खटेहड़ में प्रधानाचार्य अरुण कुमार की अध्यक्षता में योग दिवस मनाया गया।

बिलासपुर (कांगड़ा) : डीएवी पब्लिक स्कूल नगरोटा सूरियां की प्रधानाचार्य एकता अत्री ने विद्यार्थियों व अभिभावकों का अच्छे स्वास्थ्य व बेहतर दिनचर्या के लिए योग करने का आह्वान किया।

योल : गुरु द्रोणाचार्य कालेज आफ नर्सिंग योल की प्रशिक्षु नर्सों ने गोकुल गिरी महादेव मंदिर टिकरी में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान शिवा राठौर ने प्रशिक्षु नर्सो को योग के टिप्स दिए। संस्थान के प्रबंधक ललित शर्मा, वीएन रैणा, प्राचार्य राम कुमार गर्ग आदि ने योगासन किए।

ज्वालामुखी : सशस्त्र सेना प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी में डीआइजी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में जवानों ने खुले मैदान में योग किया।

गगल : राजकीय महाविद्यालय मटौर में आनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मानसी, मंदीप, आशीष व निकिता ने भाग लिया। प्राचार्य डा. शुभ्रा गुप्ता ने विद्यार्थियों का नियमित योग करने का आह्वान किया।

बैजनाथ : विधायक मुल्ख राज प्रेमी के नेतृत्व में बैजनाथ में योग शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया।

ढलियारा : उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डा. बृजनंदन शर्मा ने बताया कि देहरा उपमंडल में स्थित सभी आयुर्वेदिक संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।

कांगड़ा : राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कांगड़ा में आनलाइन योग दिवस मनाया। संस्थान के मीडिया प्रभारी अरुण भारती ने बताया कि प्राचार्य संजीव गौतम के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम से करीब 50 विद्यार्थी आनलाइन जुड़े थे। शरण कालेज आफ एजुकेशन फार वूमेन घुरकड़ी में आनलाइन वेबिनार का आयोजन किया। योग गुरु रणजीत सिंह ने शंखासन, योग मुद्रासन, कपालभारती, भ्रामरी, स्वस्तिकासन व गोमुखासन का अभ्यास करवाया। प्राचार्य डा. सुमन शर्मा ने योग गुरु का आभार व्यक्त किया। स्कालर इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने घर में योग किया।

पालमपुर : सीएसआइआर-आइएचबीटी पालमपुर में आनलाइन योग दिवस मनाया गया। संस्थान के निदेशक डा. संजय कुमार ने योग का महत्व बताया। योग शिक्षिक ने आनलाइन योगासन की विधियां बताई। संस्थान के कर्मचारियों ने आने कार्यस्थल पर योग का अभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन विज्ञानी डा. विपिन हल्लन ने किया। नेताजी सुभाष नर्सिंग कालेज पालमपुर में प्रशिक्षु नर्सो ने योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। प्राचार्य जाया शिरशेट्टी व संस्थान के चेयरमैन भुवनेश सूद ने छात्राओं को संदेश दिया कि योग निरोग रहने, प्रसन्न रहने व दीर्घायु के लिए जरूरी है। कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने लोगों के साथ योग का अभ्यास किया। महाविद्यालय के समाज विज्ञान विभाग ने तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में शोध पत्र पढ़ा।

कोटला : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला के एनएसएस स्वयंसेवियों ने खेल मैदान में योग किया। प्रधानाचार्य संदीप अवस्थी ने योग से होने वाले लाभ बताए। कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि शरीर को तंदुरुस्त रखने के लिए नियमित योग का अभ्यास करना चाहिए। जवाली में विधायक अर्जुन ठाकुर योग शिविर में मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी