दिल्ली में हिमाचल महोत्सव में पहुंचे जेपी नड्डा, बोले- पीएम मोदी के वोकल फार लोकल ड्रीम को करें साकार
JP Nadda Visit Himachal Mahotsav भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को दिल्ली में आयोजित हिमाचल महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा हिमाचल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फार लोकल ड्रीम को कारगर करने के लिए बेहतरीन आयोजन है।
दिल्ली, एएनआइ। JP Nadda Visit Himachal Mahotsav, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को दिल्ली में आयोजित हिमाचल महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा हिमाचल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फार लोकल ड्रीम को कारगर करने के लिए बेहतरीन आयोजन है। बीते कुछ दिनों में महोत्सव में शामिल लोगों ने हिमाचल की कला को खूब प्रमोट किया है। स्वर्णिम हिमाचल अभियान के तहत बीते दिनों से दिल्ली में हस्तकला प्रदर्शनी का संचालन किया जा रहा है। बुधवार शाम को जेपी नड्डा भी यहां पहुंचे थे। उनके साथ हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष एवं शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, कांगड़ा चंबा के सांसद किशन कपूर भी मौजूद थे।
जेपी नड्डा ने कहा बीते दिनों से दिल्ली में चल रहे हिमाचल महोत्सव में राज्य के हस्तशिल्प कलाकारों व लोक कलाकारों की ओर से प्रदेश की संस्कृति व परंपरा का खूब प्रचार किया गया है। नड्डा ने कहा हिमाचल की कला, कलाकार व परंपरा को विकसित करने के लिए इसी तरह के और प्रयास किए जाएंगे। हिमाचल महोत्सव का आज वीरवार को समापन हो गया।
भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य जेपी नड्डा मूलत हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के रहने वाले हैं। इस कारण वह बुधवार देर शाम हिमाचली लोगों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान वह अपने राज्य की संस्कृति से भी रूबरू हुए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चार दिसंबर को दिल्ली में कला महोत्सव का आगाज किया था। इसके अगले दिन सुबह राजघाट से हिमाचल भवन तक मैराथन का आयोजन किया गया था। इस मौके पर जेपी नड्डा सहित हिमाचल के हमीरपुर से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल थे।
स्वर्णिम हिमाचल कार्यक्रम के तहत ही अब 16 दिसंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें कला महोत्सव के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सीएम जयराम ठाकुर सहित जेपी नड्डा व अनुराग ठाकुर शामिल होंगे।