विधानसभा के विशेष सत्र के लिए राष्ट्रपति को निमंत्रण देने आठ को दिल्ली जाएंगे जयराम
स्वर्णिम हिमाचल के उपलक्ष्य पर होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द को निमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आठ सितंबर को दिल्ली जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा 12 सितंबर तक रहेगा।
शिमला, राज्य ब्यूरो : स्वर्णिम हिमाचल के उपलक्ष्य पर होने वाले विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द को निमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आठ सितंबर को दिल्ली जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा 12 सितंबर तक रहेगा। राष्ट्रपति को निमंत्रण देने के बाद मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे और प्रदेश के लंबित मामलों पर चर्चा करेंगे। प्रदेश विधानसभा में 17 सितंबर को विशेष सत्र प्रस्तावित किया गया है। राष्ट्रपति का 16 सितंबर से 20 सितंबर तक शिमला दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में शामिल होंगे।
निषाद की हरसंभव सहायता करेगी सरकार
टोक्यो पैरालिंपिक में सिल्वर मेडल विजेता निषाद कुमार ने शिमला में सोमवार को स्वजन व कोच नसीम अहमद के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निषाद को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में खेलों के विकास को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। निषाद ने मुख्यमंत्री को पैराङ्क्षलपिक और खेल से संबंधित विभिन्न तैयारियों के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, खेल एवं युवा सेवाएं सचिव एसएस गुलेरिया भी उपस्थित थे।
जूनियर टी-मेट व कनिष्ठ सहायक कर्मचारी तीन साल में होंगे पदोन्नत
भारतीय मजदूर संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में सोमवार को अध्यक्ष मदन राणा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में कार्यरत जूनियर टी-मेट व कनिष्ठ सहायक श्रेणी के कर्मचारियों की पदोन्नति अवधि पांच वर्ष से घटाकर तीन वर्ष करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रदेश सरकार की रीढ़ हैं और वह प्रदेश सरकार की योजनाओं को कार्यक्रमों को धरातल पर कार्यान्वित करते हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान कर्मचारियों का बहुत सहयोग रहा और राज्य सरकार ने भी कभी कर्मचारियों को निराश नहीं किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उनकी मांगों पर विचार करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद के तकनीकी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा, भारतीय मजदूर संघ और तकनीकी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।