प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कल धर्मशाला में

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पच्छाद क्षेत्र के दौरे पर हैं वह शनिवार को धर्मशाला आएंगे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 02:51 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 02:51 PM (IST)
प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कल धर्मशाला में
प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कल धर्मशाला में

जेएनएन, शिमला, नाहन : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। पच्छाद में वह भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं। वीरवार को मुख्यमंत्री हरियाणा में भाजपा के प्रचार के लिए गए थे। शनिवार को मुख्यमंत्री फिर से धर्मशाला पहुंच रहे हैं। यहां प्रचार के अंतिम दिन हलके का दौरा करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में जनसभाएं कर चुके हैं। शनिवार को धर्मशाला पहुंचकर मुख्यमंत्री पार्टी नेताओं से फीडबैक भी लेंगे। शनिवार शाम को प्रदेश में चुनाव प्रचार थम जाएगा। दोनों सीटों पर सोमवार को मतदान होगा। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को की जाएगी।

जयराम ठाकुर सबसे पहले नारग में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। उसके बाद सरांह में रैली करके चिंतपूर्णी के लिए रवाना होंगे। यहां रात्रि विश्राम करने के बाद शनिवार को धर्मशाला में भाजपा नेताओं के साथ चुनावी चर्चा करके शिमला लौट आएंगे। प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों पच्छाद व धर्मशाला में उपचुनाव हो रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा व विपक्षी कांग्रेस की ओर से जीत का दावा किया जा रहा है। भाजपा को दोनों सीटों पर बागियों से जूझना पड़ रहा है। वहीं कांग्रेस के लिए अपनी साख बचाने की चुनौती है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली हार के झटके से ऊपर उठने की कोशिश कर रही है।

वर्तमान विधानसभा में दोनों सीटें भाजपा के पास थी मगर सुरेश कश्यप के शिमला संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव जीतने के कारण पच्छाद सीट खाली हुई थी। इसी तरह से सरकार में कैबिनेट मंत्री किशन कपूर को पार्टी ने कांगड़ा संसदीय सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। किशन कपूर के सांसद बनने के बाद धर्मशाला सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हरियाणा में चुनाव प्रचार करने के बाद शिमला लौट आए हैं। शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी