आइजीएमसी के डाक्टरों ने परखा राजपुर की महिलाओं का ज्ञान

आइजीएमसी के डाक्टरों की टीम ने पालमपुर नगर निगम के तहत आते राजपुर में सर्वेक्षण किया। इसका उद्देश्य स्तनपान बच्चों के खानपान तथा मासिक धर्म के प्रति महिलाओं के ज्ञान का पता लगाना व इस क्षेत्र में किस प्रकार की प्रथाओं का प्रचलन है का पता लगाना था।

By Virender KumarEdited By: Publish:Fri, 16 Jul 2021 05:54 PM (IST) Updated:Fri, 16 Jul 2021 05:54 PM (IST)
आइजीएमसी के डाक्टरों ने परखा राजपुर की महिलाओं का ज्ञान
राजपुर में ग्रामीणों के साथ डाक्‍टरों की टीम। जागरण

पालमपुर, जागरण संवाद केंद्र। शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज व अस्पताल के डाक्टरों की टीम ने पालमपुर नगर निगम के तहत आते राजपुर में वीरवार को सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य स्तनपान, बच्चों के खानपान तथा मासिक धर्म के प्रति महिलाओं के ज्ञान का पता लगाना व इस क्षेत्र में किस प्रकार की प्रथाओं का प्रचलन है, का पता लगाना था। साथ ही इन विषयों पर महिलाओं के मन में जो भी भ्रम या भ्रातियां प्रचलित हैं, उनका भी वर्णन किया गया। डा. अनमोल गुप्ता तथा डा. अमित सचदेवा की अध्यक्षता तथा मार्गदर्शन में डा. वंदना तथा डा. रमनदीप ने यह सर्वेक्षण किया। इस मौके पर स्थानीय पार्षद संतोष अकेला, सुपरवाइजर अरीता शर्मा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिता रानी, हेल्पर सरोज , और आशा (एक्रिडेडेट सोशल हेल्थ एक्टिविसट) सुनीता मौजूद रहे।

यह सर्वेक्षण आइजीएमसी के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से करवाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में 40 खंड चुने गए हैं, जिसमें कांगड़ा जिले के कांगड़ा, भवारना और पंचरुखी खंड शामिल हुए हैं।

 कुमार चंद को प्रधान चुने

स्वास्थ्य विभाग चालक संघ के चुनाव संजय शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुए। इसमें कुमार चंद को प्रधान चुना गया है। हरवीर सिंह को वरिष्ठ उपप्रधान, विनोद शर्मा को महासचिव, कश्मीर सिंह कोषाध्यक्ष, राम लाल को सलाहकार,धर्मपाल को सह सचिव तथा ओंकार शर्मा को प्रैस सचिव बनाया गया है। नव निर्वाचित प्रधान ने इस मौके पर कहा कि चालकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठा कर उनका समाधान करना प्राथमिकता रहेगी। चालकों ने जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने की वह हर संभव कोशिश करेंगे।

 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साक्षात्‍कार स्‍थगित

सदर उपमंडल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र खारसी, पिपली कुथाड़ी तथा मंदर-एक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के पद भरने के लिए 17 जुलाई को होने वाले साक्षात्कार प्रशासनिक कारणों के कारण स्थगित कर दिए गए हैं । बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर धनी राम ने बताया कि साक्षात्कार की आगामी तिथि बाद में निश्चित की जाएगी।

chat bot
आपका साथी