करसोग की बंदला पंचायत का फैसला, नशा किया तो बीपीएल सूची से कटेगा नाम

मंडी जिले के करसोग उपमंडल की बंदला पंचायत के छह महिला मंडलों की सदस्यों ने ग्रामसभा की बैठक में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवार से संबंधित लोगों के शराब पीने पर उनका नाम बीपीएल सूची से काटने का प्रस्ताव रखा जिसे पंचायत ने मंजूर कर दिया है।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 09:48 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 09:48 PM (IST)
करसोग की बंदला पंचायत का फैसला, नशा किया तो बीपीएल सूची से कटेगा नाम
बंदला पंचायत में नशे के खिलाफ प्रस्ताव पेश करने के बाद अपनी बाद रखती महिलाएं। जागरण

करसोग, संवाद सहयोगी। नशे पर लगाम लगाने के लिए मंडी जिले के करसोग उपमंडल की बंदला पंचायत की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। छह महिला मंडलों की सदस्यों ने ग्रामसभा की बैठक में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवार से संबंधित लोगों के शराब पीने पर उनका नाम बीपीएल सूची से काटने का प्रस्ताव रखा, जिसे पंचायत ने मंजूर कर दिया है। महिलाओं ने शराब समेत अन्य मादक पदार्थों को बेचने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया है।

मंगलवार को बंदला पंचायत की ग्रामसभा की बैठक प्रधान रोशनी देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें महिला मंडल तलेहण, देव बड़ेऊगी, दुर्गा महिला मंडल खडैण, डवारू, ङ्क्षबदला व महिला मंडल मरोला की सदस्यों ने गांव में शराब की बिक्री बंद करने का मामला रखा। उन्होंने कहा कि पंचायत में कुछ ऐसे भी गरीब परिवार हैं जो राशन खरीदने के लिए पैसे नहीं होने का दावा करते हैं। उन्हीं परिवारों के सदस्य नशा करते हैं। शराब पीने के बाद गांव के माहौल को खराब करते हैं। महिलाओं ने ऐसे लोगों के नाम बीपीएल सूची से काटने का प्रस्ताव रखा, जिसका ग्राम पंचायत में पुरजोर समर्थन किया गया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को ही सूची में शामिल किया जाएगा। जिसके पास रोजाना नशा करने के लिए पैसे हैं, वह गरीब कैसे हो सकता है।

ग्रामसभा की बैठक में बिंदला गांव तक सड़क न पहुंचने, प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत माहोटा से तलेहण तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा न होने और मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी लुनसु से ङ्क्षबदला तक पुल न लगने को लेकर भी लोगों ने रोष प्रकट किया। ग्राम सभा की बैठक में 106 लोग उपस्थित रहे।

प्रधान रोशनी देवी ने कहा कि पंचायत को नशामुक्त रखने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। गरीबी रेखा से नीचे जो भी व्यक्ति शराब पीते हुए पाया जाता है, उसका नाम बीपीएल सूची से काटा जाएगा।

chat bot
आपका साथी