परिवहन निगम की बसें दौड़ीं पर कर्मचारियों के वेतन का पहिया थमा, पर्यटन निगम का भी यही हाल

HRTC Employees हिमाचल के लोगों को सफर करवाने की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाले राज्य पथ परिवहन निगम पर कोरोना का संकट भारी पड़ रहा है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 04:22 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 04:22 PM (IST)
परिवहन निगम की बसें दौड़ीं पर कर्मचारियों के वेतन का पहिया थमा, पर्यटन निगम का भी यही हाल
परिवहन निगम की बसें दौड़ीं पर कर्मचारियों के वेतन का पहिया थमा, पर्यटन निगम का भी यही हाल

शिमला, जेएनएन। हिमाचल के लोगों को सफर करवाने की सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाले राज्य पथ परिवहन निगम पर कोरोना का संकट भारी पड़ रहा है। प्रदेश के आम आदमी को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी का निर्वहन करने के बावजूद परिवहन निगम के दस हजार से अधिक कर्मचारी वेतन मिलने का इंजतार कर रहे हैं। इसी तरह से परिवहन निगम के सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों को पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। आमतौर पर सभी सरकारी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में हर माह पहले सप्ताह के दौरान वेतन भुगतान हो जाता है, लेकिन परिवहन निगम के पहिये लगातार चलने के बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है।

गत माह भी कर्मचारियों को दूसरे सप्ताह में वेतन मिला था। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के पास राज्य पर्यटन विभाग भी है तो उनको वेतन भुगतान वहां से हो चुका है। निगम के ईडी को परिवहन निगम से और मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बस अडडा प्रबंधन से हो चुका है। परिवहन निगम की तरह राज्य पर्यटन विकास निगम में भी कर्मचारियों काे वेतन देने का संकट लगातार बना हुआ है। सरकार के दोनों सार्वजनिक उपक्रम गंभीर घाटे के दलदल में फंस चुके हैं।

वेतन के लिए 31.75 करोड़ व पेंशन के लिए 12.60 करोड़ चाहिएं

परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन भुगतान करने के लिए 31.75 करोड़ की रकम चाहिए, जबकि सेवानिवृत्‍त कर्मियों को पेंशन देने के लिए 12.60 करोड़ रुपये चाहिएं। परिवहन निगम में करीब दस हजार कर्मचारी हैं और 6600 सेवानिवृत्‍त कर्मियों की संख्या है।

पर्यटन ठप होने से वेतन पर संकट

कोरोना संकट के दौरान राज्य में पर्यटन ठप होने से पर्यटन विकास निगम के डेढ़ हजार से अधिक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। इन कर्मचारियों को मई महीने का वेतन 28 जून को मिला था। इस महीने के वेतन का अभी कोई अता-पता नहीं है।

घाटे में चल रहा परिवहन निगम : मंत्री

कोरोना काल के दौरान परिवहन निगम की आय घटकर नीचे आ गई है। हालत यह है कि निगम घाटे में चल रहा है, रोजाना निगम की बसों को चलाने में खर्च अधिक हो रहा है। इस कारण कर्मचारियों को वेतन देने में देरी हो रही है। सरकार से ग्रांट के सहारे वेतन का भुगतान किया जा रहा है। एक-दो दिन के भीतर परिवहन कर्मियों को वेतन दे दिया जाएगा। -गोविंद सिह ठाकुर, परिवहन मंत्री।

chat bot
आपका साथी