कल डलहौजी आएंगे हाकी स्टार वरुण शर्मा, चखेंगे चंबियाली धाम का स्वाद

टोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक हासिल करने वाली भारतीय हाकी टीम के चीफ डिफेंडर वरुण शर्मा के सोमवार को डलहौजी प्रवास पर उनका भव्य स्वागत होगा। सांसद किशन कपूर राकेश पठानिया व डीएस ठाकुर की अगुवाई में डलहौजी उपमंडल के लोगों व जिला प्रशासन द्वारा स्‍वागत किया जाएगा।

By Virender KumarEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 08:24 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 08:24 PM (IST)
कल डलहौजी आएंगे हाकी स्टार वरुण शर्मा, चखेंगे चंबियाली धाम का स्वाद
डलहौजी आएंगे हाकी स्टार वरुण शर्मा। जागरण आर्काइव

डलहौजी, विशाल सेखड़ी

टोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक हासिल करने वाली भारतीय हाकी टीम के चीफ डिफेंडर वरुण शर्मा के सोमवार को डलहौजी प्रवास पर उनका भव्य स्वागत होगा। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर, वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया व जिला मार्केट कमेटी चंबा के चेयरमैन डीएस ठाकुर की अगुवाई में डलहौजी उपमंडल के लोगों व जिला प्रशासन द्वारा वरुण शर्मा का दोपहर करीब एक बजे बनीखेत के टोल टैक्स बैरियर पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत हिमाचल के इस सितारे को ओपन जीप में बिठाकर बैंड बाजे की धुनों पर देवीदेहरा तक ले जाया जाएगा। यहां माता जालपा के मंदिर में शीश नवाने के उपरांत राजनेताओं व क्षेत्रवासियों की ओर से वरुण शर्मा को सम्मानित किया जाएगा।

वरुण शर्मा के स्वागत समारोह के दौरान चंबियाली धाम भी परोसी जाएगी। वरुण शर्मा के स्वागत कार्यक्रम के लिए रविवार को जिला मार्केट कमेटी चंबा के चेयरमैन डीएस ठाकुर द्वारा देवीदेहरा व बनीखेत में लोगों के साथ बैठकें कर रूपरेखा तैयार की गई और स्वागत समारोह को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए।

बनीखेत से देवीदेहरा तक वरुण शर्मा को लाने के लिए दो ओपन जीप की व्यवस्था की गई है। दोनों जीप को सजाने का कार्य रविवार देर शाम को ही शुरू कर दिया गया था। टोक्यो ओलिंपिक में देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय हाकी टीम के सितारे वरुण शर्मा ने वादा किया था कि वह डलहौजी जरूर आएंगे अपने वादे को पूरा करते हुए वरुण शर्मा स्वजन के साथ सोमवार को दो दिवसीय प्रवास के तहत डलहौजी उपमंडल में पहुंच रहे हैं।

वरुण शर्मा ने टोक्यो ओलिंपिक में अपनी टीम के साथियों के साथ देश का नाम रोशन किया है। वरुण शर्मा के मूल रूप से ओसल पंचायत के खड़ंदर (फाटी) गांव के निवासी होने के चलते उनकी इस उपलब्धि से ओसल पंचायत सहित समूचे डलहौजी हलके व जिला चंबा सहित प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

-डीएस ठाकुर, चेयरमैन जिला मार्केट कमेटी चंबा

chat bot
आपका साथी