Himachal Weather Update: प्रदेश में आज से बरसेंगे मेघ, कल चार जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार को बारिश के बाद आज यानी सोमवार को मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों ने कल यानी मंगलवार के लिए चार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार को बारिश के बाद आज यानी सोमवार को मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विशेषज्ञों ने कल यानी मंगलवार के लिए चार जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 21 सितंबर को कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने इन चार जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इसके अलावा सोमवार को प्रदेश में कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। शनिवार व रविवार को कई स्थानों पर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में सोमवार से बारिश की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। रविवार को जिला सिरमौर जिले के संगड़ाह में सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इसके अलावा कांगड़ा में छह, मंडी के बैजनाथ में पांच, मंडी के जोगेंद्रनगर और पालमपुर में चार मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इससे तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। वहीं बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में नौ सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। मंडी जिले में पांच और कुल्लू व शिमला में दो-दो सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान, न्यूनतम, अधिकतम शिमला, 17.1, 23.5 सुंदरनगर, 22.1, 32.2 भुंतर, 20.8, 32.5 धर्मशाला, 19.4, ऊना, 24.5, 34.2 नाहन, 24.1, 28.4 केलंग, 10.3, 25.8 सोलन, 19.7, 29.5बारिश और भूस्खलन से तीन सड़कें बाधित
नाहन। जिला सिरमौर में बारिश और भूस्खलन से लोक निर्माण विभाग की परेशानी थमती नजर नहीं आ रही है। रविवार को जिले की तीन सड़कें बाधित रहीं। हालांकि लोक निर्माण विभाग इन्हें खोलने में लगातार प्रयासरत रहा, मगर बार-बार भूस्खलन होने से ये सड़कें बहाल नहीं हो पाईं। शनिवार रात हुई बारिश से रविवार को संगड़ाह मंडल की दो और पांवटा साहिब मंडल की एक सड़क बंद रही। इनमें ददाहू-कोटीधिमान, बोरली सियूं और पांवटा साहिब की मेहत-गवाणा सड़कें शामिल हैं। जिले की अन्य सड़कों पर भी बरसात से जगह-जगह पत्थर व मलबा आ रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बरसात का असर लोगों की फसलों पर पड़ रहा है। जिले में मक्की की फसल भी बरिश के चलते प्रभावित हो रही है। टमाटर, शिमला मिर्च, धनिया व अन्य नकदी फसलों पर भी बारिश का असर पड़ा है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वीएन पराशर ने बताया कि सड़कों को बहाल करने का काम जारी है।