Himachal Weather Update: हिमाचल में भारी बर्फबारी से शीतलहर तेज, केलंग में जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा तापमान

Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में दो दिन की बारिश व बर्फबारी के बाद सोमवार की सुबह राहत की धूप खिली है। प्रदेश में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश व हिमपात का दौर रविवार को दिनभर जारी रहा। इससे प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 08:19 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 08:19 AM (IST)
Himachal Weather Update: हिमाचल में भारी बर्फबारी से शीतलहर तेज, केलंग में जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा तापमान
दो दिन की बारिश व बर्फबारी से प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है।

शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में दो दिन की बारिश व बर्फबारी के बाद सोमवार की सुबह राहत की धूप खिली है। प्रदेश में शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश व हिमपात का दौर रविवार को दिनभर जारी रहा। इससे प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। केलंग में तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है। हिमपात के कारण लाहुल-स्पीति व चंबा जिले की पांगी घाटी का संपर्क कट गया है। रोहतांग दर्रा व अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। लाहुल-स्पीति में सेब को नुकसान हुआ है। बारिश से कांगड़ा व ऊना जिलों में धान की कटाई का काम प्रभावित हुआ है।

कहां हुआ हिमपात

बारालाचा, कुंजुम व शिंकुला दर्रे में बर्फ की तीन से चार फीट मोटी चादर बिछ गई है, जबकि रोहतांग में एक फीट बर्फ गिरी है। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर चार इंच हिमपात हुआ है। एसडीएम मनाली डा. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि हालात सामान्य होने पर ही पर्यटक रोहतांग का रुख कर सकेंगे। केलंग-मनाली के बीच बस सेवा स्थगित कर दी गई है। जिला मुख्यालय केलंग में तीन इंच बर्फ गिरी है। डलहौजी के डैनकुंड, पोहलानी माता सहित भरमौर, तीसा व सलूणी के ऊपरी क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है।

अधिकतम तापमान में भारी गिरावट

रविवार को धुंध छाने से अंधेरा हो गया। प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में तीन से 12.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। सबसे अधिक तापमान में गिरावट सुंदरनगर में 12.9 डिग्री दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री से 15.7 तक पहुंच गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से 20.7 पर पहुंच गया है। बिलासपुर में 16.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है, जबकि प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सोलन में 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिक बारिश चंबा के डलहौजी में 80 मिलीमीटर से अधिक दर्ज की गई है। ऊना में 65, कांगड़ा में 40, शिमला में 22 मिलीमीटर बारिश हुई।

67 मार्ग बंद, 264 ट्रांसफार्मर खराब

बारिश-हिमपात के कारण 67 मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। इनमें लाहुल-स्पीति में 59, चंबा में सात और कुल्लू में एक सड़क बंद है। 264 ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। लाहुल-स्पीति में 168, चंबा में 95 और कुल्लू में एक ट्रांसफार्मर खराब है।

मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर की आपात लैैंडिंग

सुन्नी के ओगली में रविवार को दृश्यता कम होने के कारण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हेलीकाप्टर की आपात लैंडिंग करवानी पड़ी। वह निरमंड और रामपुर में चुनाव प्रचार के बाद शिमला लौट रहे थे। हुबली से सुन्नी होते हुए सड़क से वह शिमला पहुंचे।

प्रदेश में कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस) स्थान, न्यूनतम, अधिकतम शिमला, 10.1, 14.6 सुंदरनगर, 13.1, 15.7 भुंतर, 13.0, 15.0 कल्पा, 4.6, 12.0 धर्मशाला, 12.8, 18.8 ऊना, 13.4, 20.7 नाहन, 16.0, 22.5 केलंग, -0.7, 1.3 सोलन, 12.0, 22.5

chat bot
आपका साथी