Himachal Weather Update: भारी बर्फबारी के बाद 614 सड़कें बंद, जानिए नववर्ष पर कैसा रहेगा मौसम

Himachal Weather Update हिमाचल में नववर्ष से पहले ताजा बर्फबारी राहत लेकर आई है। बर्फबारी ने पहाड़ों का शृंगार किया है तो बारिश किसानों के लिए खुशहाली लाई है। मौसम विभाग के अनुसार अब कुछ दिन मौसम साफ रहने की संभावना है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Tue, 29 Dec 2020 08:33 AM (IST) Updated:Tue, 29 Dec 2020 08:33 AM (IST)
Himachal Weather Update: भारी बर्फबारी के बाद 614 सड़कें बंद, जानिए नववर्ष पर कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल में नववर्ष से पहले ताजा बर्फबारी राहत लेकर आई है।

धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल में नववर्ष से पहले ताजा बर्फबारी राहत लेकर आई है। बर्फबारी ने पहाड़ों का शृंगार किया है तो बारिश किसानों के लिए खुशहाली लाई है। मौसम विभाग के अनुसार अब कुछ दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। नववर्ष की पूर्व संध्‍या पर भी बर्फबारी या बारिश की कम ही संभावना है। मौसम साफ होने पर मंगलवार सुबह घना कोहरा पडऩे से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण पड़ी धुंध के बीच वाहन चलाना आसान नहीं रहा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।

बारिश को फसलों के लिए वरदान माना जा रहा है। बर्फबारी के कारण पर्यटक स्थल गुलजार हो गए हैं। बर्फबारी पर्यटन व्यवसाय के लिए संजीवनी साबित हुई है। हालांकि बर्फबारी से लोगों की दिक्कतें भी बढ़ीं हैैं। राजधानी शिमला में सीजन का पहला हिमपात हुआ। रिज पर बिछी सफेद चादर पर पर्यटकों ने खूब मस्ती की। शहर में करीब पांच इंच तक हिमपात हुआ है, जबकि कुफरी व नारकंडा में एक फीट बर्फ गिरी है। पर्यटन नगरी मनाली में भी पांच इंच तक बर्फबारी हुई है। सोलन जिला के तहत अर्की के पाट्टी व कुछ अन्य स्थानों पर तीन साल बाद डेढ़ इंच तक बर्फ गिरी है। चंबा जिला के किलाड़ (पांगी) में एक इंच, साच पास में पांच फीट, होली में तीन व भरमौर में छह इंच और डलहौजी में सवा फीट तक हिमपात हुआ है।

हिमपात से प्रदेश में 614 सड़कें बंद हैं, जबकि 377 बस रूट प्रभावित हुए हैं। पथ परिवहन निगम की 200 बसें विभिन्न रूटों पर फंसी हुई हैं। शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहुल स्पीति, चंबा और किन्नौर में बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। प्रदेश में 1482 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है।

प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जनजातीय क्षेत्रों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पाइपें जम जाने से कई क्षेत्रों में पेयजल की किल्लत हो गई है। तेज हवा चलने से प्रदेशभर में दस से अधिक मकानों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर पेड़ भी गिर गए। राजधानी शिमला में सोमवार को दूध-ब्रेड की सप्लाई देरी से हुई।

लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद

सरकार ने प्रदेश में हिमपात से उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए तुरंत प्रभाव से लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। सरकार का दावा है कि बंद सड़कों पर यातायात तीन दिन के भीतर बहाल कर दिया जाएगा। विभाग के करीब 10 हजार कर्मचारियों को बर्फ हटाने में लगाया गया है। पांच हजार जेसीबी और डोजर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसके अलावा विभाग ने निजी जेसीबी भी हायर की हैं।

chat bot
आपका साथी