Himachal Weather Forecast: मौसम ने बदला रुख, सुबह-शाम तापमान में गिरावट, ठंड में होगी बढ़ोतरी

Himachal Weather Forecast हिमाचल प्रदेश में मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम व रात को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है इस कारण सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 01:26 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 01:26 PM (IST)
Himachal Weather Forecast: मौसम ने बदला रुख, सुबह-शाम तापमान में गिरावट, ठंड में होगी बढ़ोतरी
प्रदेश में शाम व रात को बारिश के बाद तापमान में कमी आई है।

शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम व रात को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, इस कारण सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। प्रदेश में कई स्थानों पर हुई बारिश के कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा धर्मशाला में 41.6 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि पालमपुर में 24.5 मिलीमीटर, डलहौजी में करीब सात मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को प्रदेश के कई स्थानों पर बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी। हालांकि प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है। ताजा बारिश के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। केलंग में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो मानसून सीजन में अभी तक का सबसे कम तापमान है। मनाली में न्यूनतम तापमान 10.2, जबकि शिमला में 15.5 और डलहौजी में 11.4 डिग्री सेल्‍स‍ियस रिकॉर्ड किया गया है।

प्रदेश में मानसून लगभग विदा हो चुका है। प्रदेश के कई इलाकों में 15 दिन से कोई बारिश नहीं हुई है, जिसका असर धान की फसल पर भी देखने को मिला है। धान की फसल में दाने को आकार नहीं मिल पाया है, इस कारण किसान काफी मायूस हैं।

chat bot
आपका साथी