Himachal Statehood Day: स्वर्ण जयंती समारोह के लिए सजा रिज मैदान, 11 सेक्टरों में बांटा शहर

Himachal Statehood Day हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम के लिए रिज मैदान पूरी तरह सज गया है। चौड़ा मैदान से लेकर मॉलरोड पर 50 सालों की उपलब्धियों के होर्डिंग लगाए गए हैं। रिज मैदान स्थित पदम देव परिसर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 02:59 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 02:59 PM (IST)
Himachal Statehood Day: स्वर्ण जयंती समारोह के लिए सजा रिज मैदान, 11 सेक्टरों में बांटा शहर
हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम के लिए रिज मैदान पूरी तरह सज गया है।

शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम के लिए रिज मैदान पूरी तरह सज गया है। चौड़ा मैदान से लेकर मॉलरोड पर 50 सालों की उपलब्धियों के होर्डिंग लगाए गए हैं। रिज मैदान स्थित पदम देव परिसर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। रिज मैदान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे शिमला शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

रविवार सुबह पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, आइजी साउथ रेंज हिमांशु मिश्रा ने सुरक्षा का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला भी मौजूद रहे। अमित शाह अनाडेल से रिज मैदान तक गाड़ी में पहुंचेंगे। पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मंच पर पहुंचने के बाद वह कॉफी टेबल बुक और विशेष डाक टिकट का अनावरण करेंगे। संबोधन के बाद वह हिमाचल के 50 सालों के स्वर्णिम सफर को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करने जाएंगे।

2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था, डोम के बाहर अतिरिक्त कुर्सियां

रिज मैदान पर कार्यक्रम के लिए डोम तैयार किया गया है। इसमें चार ब्लॉक बनाए गए हैं। इसमें 2500 के करीब लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। लोगों की भीड़ ज्यादा बढ़ती है तो वहां पर अतिरिक्त कुर्सियां भी रखी गई है। तीन से साढ़े तीन हजार लोग बैठ सकेंगे। स्वर्ण जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए सरकार ने खासी तैयारियां कर दी हैं।

सादे लिबास में भी रहेंगे पुलिस के जवान तैनात

शिमला में बीते दिनों किसान आंदोलन के समर्थक पहुंचे थे। सरकार के कार्यक्रम में इस तरह की दखलअंदाजी की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क है। पुलिस जवानों के अलावा सादे लिबास में भी सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। यदि इस तरह की अनहोनी की आशंका होती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से भी सुरक्षा का जायजा लेगी।

न ट्रैफिक प्लान बदलेगा, न एंबुलेंस का रास्ता

तीन दिन की छुट्टियां होने के कारण शिमला में भारी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए पहुंचे हैं। पुलिस ने कार्यक्रम के लिए जो प्लान तैयार किया है उसके अनुसार न तो पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा न ही आम लोगों को। शहर में ट्रैफिक प्लान अन्य दिनों की तरह रूटीन में चलता रहेगा। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्थित करने के लिए कुछ मीनट के लिए गाडिय़ों को रोका जाएगा। रिज, मॉलरोड और अन्य स्थानों से एंबुलेंस के जो रूट है वह खुले रहेंगे। आराम से एंबुलेंस आ जा सकेगी। पर्यटकों के लिए मालरोड़ पर लाइव इस कार्यक्रम को दिखाया जाएगा।

रिज को किया सील

पुलिस ने सिटी प्वाइंट से लेकर रिज मैदान में बैरिगेट लगा दिए हैं। रस्सीयों से पूरे क्षेत्र को कवर किया गया है। पैदल चलने वालों के लिए अलग से लेन बनाई गई है। सुरक्षा की दृष्टि से ऐसा किया गया है।

अतिरिक्‍त पुलिस जवान तैनात

पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू का कहना है सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। बाहरी राज्यों से काफी संख्या में पर्यटक घूमने आए हैं। पर्यटकों और आम लोगों को किसी तरह की दिक्कत पेश न आए इसका भी खास ख्याल रखा गया है।

chat bot
आपका साथी