VIDEO: रोहतांग दर्रे सहित लाहुल स्पीति में भारी बर्फबारी, अटल टनल सैलानियों के लिए हुई बंद

हिमाचल प्रदेश के समस्त ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी का दौरा शुरू हो गया है। लाहुल स्पीति कुल्लू और मंडी जिला के पहाड़ बर्फ से चमक उठे हैं। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में वीरवार से बर्फबारी का दौर चला हुआ है।

By Richa RanaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 09:30 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 10:24 AM (IST)
VIDEO: रोहतांग दर्रे सहित लाहुल स्पीति में भारी बर्फबारी, अटल टनल सैलानियों के लिए हुई बंद
हिमाचल प्रदेश के समस्त ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी का दौरा शुरू हो गया है।

मनाली, जसवंत ठाकुर। हिमाचल प्रदेश के समस्त ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी का दौरा शुरू हो गया है। लाहुल स्पीति, कुल्लू और मंडी जिला के पहाड़ बर्फ से चमक उठे हैं। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में वीरवार से बर्फबारी का दौर चला हुआ है। दारचा, बारालाचा दर्रा, जिंग जिंग बार, पटसेउ, नैन गाहर, मायड़, लोसर, पिन वैली, क्योटो, टशीगंग, किबर, लांगचा, चन्द्रताल, कुंजम सहित काजा मंडल के तमाम क्षेत्र में बर्फ गिर रही है।

जबकि कुल्लू के रोहतांग दर्रे सहित जलोडी, नग्गर, मणिकर्ण की चोटियों में भी बर्फ बारी हो रही है जबकि समस्त घाटी में बारिश का क्रम चला हुआ है। मंडी जिला में भी पराशर, शिकारी माता और बरोट के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं जबकि मैदानी क्षेत्रों में रात से बारिश हो रही है। बदलते मौसम पर प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। दिसंबर महीने के आगमन के साथ ही तापमान में गिरावट होने लगी है। इसके चलते क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

अटल रोहतांग सुरंग के बाहर बर्फबारी!!! pic.twitter.com/TqaINqmrLy

— नवनीत शर्मा-Navneet Sharma (@nsharmajagran) December 3, 2021

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद अब लाहुल स्पीति और कुल्लू प्रशासन सतर्क हो गया है। मौसम विभाग ने पूरे क्षेत्र में 6 दिसंबर तक बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर ना जाएं। भारी बर्फबारी होने से उनको नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। कल से लगातार जारी बर्फ़बारी के चलते अटल टनल सैलानियों के लिए बन्द कर दी है। रोहतांग दर्रे पहले ही बन्द कर दिया गया है। अब सैलानियों को सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति रहेगी। लाहुल की ओर जाने वाले मात्र फ़ॉर व्हील ड्राइव स्थानीय वाहनों को ही अटल टनल होते हुए लाहुल जाने की अनुमति है।

घाटी में बस सेवा भी प्रभावित हो गई है।हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल मोनपा ने बताया कि बर्फबारी को देखते हुए घाटी में एचआरटीसी की बस सेवा बंद कर दी गई है। हालात सामान्य होने पर घाटी के भीतरी भागों में बस सेवा शुरू की जाएगी। एसडीएम मनाली डॉक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पर्यटकों को आज सोलंगनाला तक ही जाने की अनुमति रहेगी। उन्होंने बताया कि अटल टनल के दोनों छोर पर बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते टनल सैलानियों के लिए बन्द कर दी गई है।

लाहुल स्पीति पुलिस उप अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया कि लाहुल की समस्त में बर्फ़बारी हो रही है। पर्यटकों को अटल टनल से आगे आने की अनुमति नही है जबकि स्थानीय लोगों को भी फ़ॉर व्हील ड्राइव वाहनों में ही सफर करने की अनुमति दी गई है। मौसम विभाग ने भी छह दिसबर तक बर्फबारी की आशंका व्यक्त की है। पुलिस सतर्क है तथा हर परिस्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

chat bot
आपका साथी