कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश का अलर्ट, आनी में नेशनल हाईवे पर गिरी चट्टानें

Himachal Weather ALERT हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा और मंडी जिला में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बनने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 08:14 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 12:27 PM (IST)
कांगड़ा और मंडी में भारी बारिश का अलर्ट, आनी में नेशनल हाईवे पर गिरी चट्टानें
खनाग के पंचायत घर के समीप एक बड़ी चट्टान नेशनल हाईवे 305 पर आ गिरी।

धर्मशाला, आनी, जेएनएन। Himachal Weather ALERT, हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा और मंडी जिला में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बनने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा। हालांकि, प्रदेश के हर क्षेत्र में बारिश की संभावना कम है। कांगड़ा जिला में बारिश पहले ही तबाही मचा चुकी है। अब मौसम विभाग ने भी आज भारी से भारी बारिश व बाढ़ तक की चेतावनी दी है। ऐसे में जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिला प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 12 जुलाई से कांगड़ा जिला में भारी बारिश कहर मचा रही है।

ऐसे में लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, जलशक्ति विभाग सहित अन्य विभागों की परियोजनाओं को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। कई मकान गिरे हैं तो कई गोशालाएं ध्वस्त हुई हैं। अभी मौसम विभाग ने जिला कांगड़ा के लिए वीरवार के लिए भारी से भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने कहा कि कांगड़ा जिला में बाढ़ आने की आशंका है। प्रदेश में 26 जुलाई के बाद मानसून ज्यादा सक्रिय होगा।

भागसूनाग, शीला, रुलेहड़, धौलपुर, फतेहपुर, रे बडूखर सहित अन्य स्थानों पर काफी नुकसान हो चुका है। अभी भी कई स्थानों पर सड़कें टूटी हुई हैं तो कई लोगों के घरों में बरसात का पानी जा घुसा। गगल में मांझी खड्ड ने ज्यादा रुद्र रूप दिखाया है, यहां पर लोगों के घरों में पानी जा घुसा, तो शीला में मांझी खड्ड घरों को ही बहाकर ले गई। वहीं रुलेहड़ शाहपुर में कई मकान जमींदोज हो गए।

उधर, वीरवार सुबह जलोड़ी क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण खनाग के पंचायत घर के समीप एक बड़ी चट्टान नेशनल हाईवे 305 पर आ गिरी। जिस कारण सैंज-आनी-ओट नेशनल हाईवे 305 पर आनी और जिला मुख्यालय कुल्लू के बीच वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। वाहनों की आवाजाही ठप होने से लोगों को भारी दिक्‍कत का सामना करना पड़ा। दोपहर को नेशनल हाईवे को खनाग के समीप बहाल कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी