शिमला की पराला मंडी में सेब बेचने आए बागवान की यातायात जाम में मौत

ऊपरी शिमला में सबसे बड़ी फल मंडी पराला में सोमवार को बागवानों का लंबा जाम लगा रहा। ननखड़ी से सेब बेचने आए बागवान की तबीयत खराब हुई। इन्हें अन्य बागवानों ने अस्पताल लाने का प्रयास किया लेकिन छैला अस्पताल पहुंचने से पहले ही इनका देहांत हो गया।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 10:06 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 10:06 PM (IST)
शिमला की पराला मंडी में सेब बेचने आए बागवान की यातायात जाम में मौत
पराला फल मंडी के पास लगा जाम। जागरण

सुनील ग्रोवर, ठियोग। ऊपरी शिमला में सबसे बड़ी फल मंडी पराला में सोमवार को बागवानों का लंबा जाम लगा रहा। करीब ढाई घंटे तक बागवान जाम में फंसे रहे। इसी दौरान ननखड़ी से सेब बेचने आए बागवान की तबीयत खराब हुई। इन्हें अन्य बागवानों ने अस्पताल लाने का प्रयास किया, लेकिन छैला अस्पताल पहुंचने से पहले ही इनका देहांत हो गया।

बागवानों का आरोप है कि पांच किलोमीटर के सफर में 30 मिनट से ज्यादा का समय लगा। इसलिए बागवान को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। ननखड़ी के बागवान कुलदीप शर्मा पराला मंडी में सेब बेचने आए थे। सड़क में एक स्थान पर करीब एक बजे कोटखाई के दो युवकों ने जब उन्हें काफी बीमार हालत में देखा तो अपनी कार में बिठाकर छैला स्वास्थ्य केंद्र की ओर चले। सड़क पर जाम के कारण उन्हें अस्पताल पहुंचने में आधा घंटा लग गया। अस्पताल पहुंचने पर बागवान कुलदीप की सांसें थम चुकी थीं।

उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि मंडी से छैला व सैंज की ओर सड़क पर रोजाना जाम लग रहा है। सेब लेकर आने वाले वाहनों की लंबी कतार यहां रोजाना लग रही है। हालांकि ठियोग पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क पर यातायात व्यवस्थित करने के लिए काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन सेब बेचने और मंडी से उन्हें देश की मंडियों तक पहुंचाने के लिए यहां प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आ रहे हैं। सड़क की चौड़ाई कम है। मंडी में भी वाहनों की पार्किंग की सीमित व्यवस्था है। सोमवार को बागवान की मौत के कारण क्या रहे इसकी जांच की जरूरत है। बागवान को अस्पताल पहुंचाने वाले युवक दावा कर रहे हैं कि यदि जाम न होता तो बागवान की जान बच सकती थी।

-------------

पराला मंडी के पास सड़क पर यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस कर्मी तैनात हैं। जरूरत पडऩे पर ठियोग व छैला से और कर्मियों को भेजा जाता है।

-लखविंद्र सिंह, डीएसपी ठियोग

-------------

40 हजार सेब की पेटियां आ रही हैं पराला मंडी

पराला मंडी में रोजाना 40 हजार सेब की पेेटियां आ रही हैं। छैला, चौपाल सड़क पर रोजाना सुबह से शाम तक जाम लग रहा है। प्रशासन के दावों के बावजूद बागवानों से लेकर आम लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।

-----------

भाई ने लगाया आरोप

बागवान कुलदीप के भाई तिलक शर्मा ने आरोप लगाया कि कुलदीप रविवार को खोलीघाट के बागवान के साथ पराला मंडी के लिए सेब लेकर आए थे और उनका सेब मंडी में नहीं उतारा गया। छैला स्वास्थ्य केंद्र तक पांच किलोमीटर पहुंचाने में आधा घंटा लग गया और जब पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता तो जान बच सकती थी।

chat bot
आपका साथी