Ethanol Industry: इथेनाल उद्यम से ऊना में 500 लोगों को मिलेगा रोजगार, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे शिलान्‍यास

Ethanol Industry एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड) की तरफ से करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला इथेनाल उद्योग ऊना में लगाया जा रहा है। इसके लिए जीतपुर बेहड़ी में भूमि के चयन के साथ ही 30 एकड़ भूमि आवंटन भी कर दी गई है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 10:31 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 10:31 AM (IST)
Ethanol Industry: इथेनाल उद्यम से ऊना में 500 लोगों को मिलेगा रोजगार, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे शिलान्‍यास
एचपीसीएल करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला इथेनाल उद्योग ऊना में लगाया जाएगा।

ऊना, सतीश चंदन। Ethanol Industry, एचपीसीएल (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड) की तरफ से करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला इथेनाल उद्योग ऊना में लगाया जा रहा है। इसके लिए जीतपुर बेहड़ी में भूमि के चयन के साथ ही 30 एकड़ भूमि आवंटन भी कर दी गई है। 10 एकड़ भूमि की अतिरक्त मांग की गई है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में उद्योग विभाग जुटा है। तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। इस उद्योग से 500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

बेशक प्रदेश के कई जिलों में बड़े औद्योगिक घरानों ने अपनी इकाइयां स्थापित की हैं लेकिन प्रदेश में इथेनाल का यह पहला उद्यम है जोकि ऊना के औद्योगिक क्षेत्र जीतपुर बेहड़ी में लगाया जा रहा है। उद्यम लगने के बाद उत्पादन के लिए गन्ने के वेस्ट की जरूरत पड़ेगी। इससे जिले में गन्ने की खेती को भी बढ़ावा मिलेगा। हालांकि इथेनाल को चावल से भी तैयार किया जा सकता है। दोनों ही सूरत में किसान को फायदा होगा।

गन्ने की खेती करने वालों को चीनी मिलों में पैदावार बेचने के बाद उसके वेस्ट को सरकार की ओर से खरीदा जाएगा। इस वेस्ट से उद्योग में प्रतिदिन 200 मिलीलीटर इथेनाल का उत्पादन किया जाएगा। यदि जिले के कृषक गन्ने की खेती के लिए रुचि बढ़ाएंगे तो उनकी आर्थिकी अधिक मजबूत होगी। उसके साथ ही खेती कार्य में सहयोग करने वालों को भी रोजगार मिलेगा।

ऊना में इससे पहले भारत सरकार की तरफ से रायपुर सहोड़ा व पेखूबेला में आइओसी टर्मीनल बनाया गया है जिसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार के साधन घर-द्वार पर मिले हैं। स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को भी काम मिला है। अब सरकारी क्षेत्र का बड़ा उद्यम लगने से इसका लाभ भी मिलेगा।

क्या होता है इथेनाल

पेट्रोल की ज्वलनशीलता को बढ़ाने के लिए इथेनाल का प्रयोग किया जाता है। अब इसमें यह सरकार की तरफ से निर्धारित किया जाएगा कि प्रदेश में पेट्रोल की खपत के अनुसार इसमें कितनी मिक्सिंग की जाएगी। पेट्रोल में इथेनाल मिलाने के बाद आक्टेन वेल्यू 2.5 प्रतिशत व आक्सीजन की क्षमता 10 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। इससे निकलने वाला धुआं कम प्रदूषण करता है।

क्‍या कहते हैं उपायुक्‍त ऊना

उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा जिले में इथेनाल का उद्योग लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश को प्रस्ताव मिला था। उसके बाद भूमि चयन करके उद्योग को आवंटित भी कर दी गई है। उद्योग की तरफ से अतिरिक्त भूमि की मांग की गई है। उसे भी जल्द अधिग्रहत करके दिया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी