कांग्रेस 10 तक तय करेगी चेहरे, भाजपा कर रही मंथन

धर्मशाला व पालमपुर में नगर निगम चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 05:00 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 05:00 AM (IST)
कांग्रेस 10 तक तय करेगी चेहरे, भाजपा कर रही मंथन
कांग्रेस 10 तक तय करेगी चेहरे, भाजपा कर रही मंथन

दिनेश कटोच, धर्मशाला

धर्मशाला व पालमपुर में नगर निगम चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इस बार पार्टी चिन्ह पर चुनाव होने के कारण कांग्रेस व भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पालमपुर में भाजपा व कांग्रेस ने कार्यक्रमों के दौरान दोनों नगर निगमों पर जीत के लिए तानाबाना भी बुना। भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के दौरान वन मंत्री राकेश पठानिया ने पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की है। कांग्रेस ने महंगाई की आड़ के बहाने चुनावी हुंकार भरी है। पालमपुर में नगर निगम का पहला चुनाव होगा। इसके लिए दोनों राजनीतिक दल चुनावी दंगल में हैं।

यह भी तय माना जा रहा है कि 10 मार्च तक कांग्रेस धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम के लिए अपने चेहरे तय कर देगी। इससे पहले 27 फरवरी को कसौली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन होगा। इसके बाद पार्टी धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर रणनीति को और तेज करेगी। धर्मशाला नगर निगम की बात करें तो यहां कांग्रेस ने यह भी फैसला लिया है कि जो पहले पार्षद रहे हैं और उनका रिपोर्ट कार्ड अच्छा है, उन पर वह इस बार भी अपना दांव लगाएगी। कांग्रेस के साथ भाजपा भी नगर निगम चुनाव को लेकर गंभीर है। पिछले दिनों धर्मशाला में हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जिला कांगड़ा ही नहीं बल्कि मंडी व सोलन में होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर भी जीत का मंत्र दिया जा चुका है। भाजपा धर्मशाला व पालमपुर में चेहरों पर अभी मंथन कर रही है। भाजपा ने नगर निगम चुनाव के लिए वन मंत्री राकेश पठानिया व पालमपुर में उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, जबकि कांग्रेस ने धर्मशाला में सुखविदर सिंह सुक्खू व पालमपुर में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी है।

धर्मशाला में दूसरा व पालमपुर में होगा पहला चुनाव

धर्मशाला में नगर निगम का दूसरा व पालमपुर में पहला चुनाव होगा। इसमें जीत दर्ज करने के लिए दोनों पार्टियां आतुर हैं। नगर निगम धर्मशाला में 17 वार्ड हैं, जबकि पालमपुर में 15 हैं। अभी नगर निगम धर्मशाला पर कांग्रेस का कब्जा है। अब नगर निगमों पर जीत के लिए भाजपा व कांग्रेस ने कसरत शुरू कर दी है।

पालमपुर में कांग्रेस को मिले 50 दावेदारों के आवेदन

नगर निगम पालमपुर में कांग्रेस के पास अभी तक 50 दावेदारों के आवेदन आ चुके हैं। पार्टी इनके नाम हाईकमान के समक्ष रखेगी। इसके बाद ही चुनाव के लिए नामों की घोषणा होगी।

---------

इस बार नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर हो रहे हैं, जो अच्छी बात है। कांग्रेस चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों नगर निगमों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी।

-अजय महाजन, जिलाध्यक्ष, कांगड़ा कांग्रेस कमेटी

---------

दोनों नगर निगम के चुनाव में भाजपा की जीत होगी। सरकार का पार्टी चिन्ह पर चुनाव करवाने का फैसला सही है। भाजपा दोनों नगर निगमों पर कब्जा करने के लिए कड़ी मेहनत करेगी।

-राकेश पठानिया, वन मंत्री

chat bot
आपका साथी