सरगर्मियां तेज, चुनावी बिगुल का इंतजार

जागरण संवाददाता धर्मशाला कांगड़ा जिले में दो नगर निगम में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई है

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 03:00 AM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 03:00 AM (IST)
सरगर्मियां तेज, चुनावी बिगुल का इंतजार
सरगर्मियां तेज, चुनावी बिगुल का इंतजार

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : कांगड़ा जिले में दो नगर निगम में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल चुनावी बिगुल बजने के इंतजार में हैं। दोनों ही बड़े दलों भाजपा व कांग्रेस को अपनों से ही खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रत्याशियों का चयन व जीत सुनिश्चित करवाना टेढ़ी खीर साबित होगा। दोनों ही दलों के भीतर सुलग रही अंतर्कलह पर विराम ही शीर्ष कुर्सी तक पहुंचाएगा।

अब दिलचस्प यह है कि दोनों में से कौन सा दल पहले अंतर्कलह पर नियंत्रण पाता है। भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इस पर होमवर्क किया है पर कांग्रेस ने अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि फीडबैक के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती जरूर कर दी है। ऐसे में दोनों ही दलों की मजबूती और जीत धड़ों की आपसी एकजुटता पर ही निर्भर करेगी। निर्दलीय व अन्य राजनीतिक दल भी समीकरणों पर नजर रखे हुए हैं। नगर निगम धर्मशाला में दूसरी बार जबकि पालमपुर में पहली दफा चुनाव होगा। नगर निगम चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए होमवर्क के रूप में देखा जा रहा है। आगामी सप्ताह दोनों ही पार्टियां प्रत्याशियों की घोषणा करेंगी। इस बीच आम आदमी पार्टी ने भी प्रदेश के सभी नगर निगम में कूदने के लिए तैयारी कर ली है। आप भी अगले हफ्ते उम्मीदवार उतारेगी। धर्मशाला नगर निगम में पहली बार हुए चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को मात दी थी। कुल 17 वार्डों में से मात्र तीन ही भाजपा समर्थित पार्षद बने थे जबकि शेष पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया था। अब भाजपा खोई हुई सीटों को जीतने के लिए मैदान में कूद रही है। इसके लिए पार्टी ने हरवार्ड के लिए पर्यवेक्षक व प्रभारी तैनात किए हैं। उधर चुनाव में कूदने वाले उम्मीदवार इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय हो गए हैं। उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने का रुख स्पष्ट कर पार्टियों को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। भाजपा व कांग्रेस कितने नए व पुराने चेहरों पर दांव लगाती है, यह आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन इन दिनों चुनावी समर में सरगर्मियां तेज हो गई है।

..........................

आप भी उतारेगी प्रत्याशी

संवाद सहयोगी, पालमपुर : नगर निगम चुनाव में प्रत्याशियों को उतारने के लिए आम आदमी पार्टी ने भी कमर कस ली है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कर्नल नरेंद्र पठानिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस व भाजपा से दुखी है। कहा कि आप निगम निगम चुनाव में भी प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि आप ने हिमाचल में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी