मरीजों के लिए संजीवनी का 'प्रयास'

संवाद सूत्र भवारना समाजसेवी संस्थाएं अपने-अपने तरीके से जरूरतमंदों की सेवा में अहम भूमिका

By JagranEdited By: Publish:Tue, 23 Feb 2021 02:06 AM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 02:06 AM (IST)
मरीजों के लिए संजीवनी का 'प्रयास'
मरीजों के लिए संजीवनी का 'प्रयास'

संवाद सूत्र, भवारना : समाजसेवी संस्थाएं अपने-अपने तरीके से जरूरतमंदों की सेवा में अहम भूमिका निभाती हैं। इस सबके बावजूद भवारना में एक ऐसी संस्था है जो गरीबों व असहायों की मदद के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को निश्शुल्क ऑक्सीजन मशीनें उपलब्ध करवाएगी। यह संस्था ऐसे लोगों के लिए संजीवनी का काम करेगी।

भवारना के संतोषी माता मंदिर में इस पुनीत कार्य के प्रयास के लिए नींव रखी गई और संस्था का नाम भी प्रयास रखा गया है। संस्था का गठन इसी उद्देश्य के लिए हुआ है कि सब मिलकर यह प्रयास करें कि वे लोगों के लिए कुछ काम आ सकें। संस्था में 19 सदस्य मिलजुलकर इस पुनीत कार्य को अंजाम देंगे। संस्था के अध्यक्ष विकास सूद होंगे जबकि प्रवेश कुमार सचिव व मनोज नागपाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पंचायत बड़घवार के उपप्रधान समेत शिक्षा, बैंकिंग व निजी व्यवसाय से जुड़े लोग संस्था के कार्यकारी सदस्य हैं। संस्था ने फिलहाल ऑक्सीजन की दो मशीनें, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एक व्हील चेयर व एक स्ट्रेचर अपने पैसों से खरीदा है। अब संस्था के सभी 19 सदस्य टीमवर्क के रूप में काम करेंगे। यदि परिणाम सकारात्मक रहता है तो संस्था और ऑक्सीजन मशीनें जनता की सेवा के लिए खरीदेगी।

....................

इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगी सुविधा

फिलहाल संस्था ठाकुरद्वारा से थुरल, धीरा से खैरा जैसे ग्रामीण इलाकों में यह सुविधा जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध करवाएगी। इसके बाद जरूरत के हिसाब से क्षेत्र में इजाफा भी संभव है। संस्था के सदस्य इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अपने तीन-चार नंबर शेयर करेंगे ताकि जरूरतमंद ऑक्सीजन मशीनें लेने के लिए संपर्क कर सकें।

................

संस्था का गठन जरूरतमंदों की सहायता के लिए किया गया है। संस्था को राजनीति से दूर रखा जाएगा। संस्था की ओर से किए गए कार्यो को इंटरनेट मीडिया में भुनाने से भी परहेज किया जाएगा। संस्था दिखावे के बजाए काम में विश्वास रखेगी।

-विकास सूद, अध्यक्ष, प्रयास संस्था

chat bot
आपका साथी