कांगड़ा में नवरात्र में मंदिर उम्मीद से ज्यादा पहुंचे श्रद्धालु

शारदीय नवरात्र में इस बार रिकार्ड श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में मां का आशीर्वाद लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 09:46 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 09:46 PM (IST)
कांगड़ा में नवरात्र में मंदिर उम्मीद से ज्यादा पहुंचे श्रद्धालु
कांगड़ा में नवरात्र में मंदिर उम्मीद से ज्यादा पहुंचे श्रद्धालु

संवाद सहयोगी, कांगड़ा : शारदीय नवरात्र में इस बार रिकार्ड श्रद्धालुओं ने शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में मां का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं की भीड़ से कांगड़ा शहर सहित साथ लगती पंचायतों में फैली गंदगी से पंचायत प्रधान व नगर परिषद कांगड़ा के अध्यक्ष तल्ख हो गए हैं। पंचायत प्रधान ने कहा कि जल्द सफाई नहीं की गई तो महामारी फैल सकती है। नगर परिषद अध्यक्ष ने एसडीएम को पत्र लिखकर मंदिर के सहयोग से कुछ वार्डो में सफाई करवाने का आग्रह किया है।

उपमंडल प्रशासन ने नवरात्र में श्रद्धालुओं को लेकर आने वाली बसों के लिए कांगड़ा बाईपास में पार्किग की व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं ने बाईपास पर इतनी गंदगी फैलाई है कि इसकी सफाई करना मुश्किल है। मंदिर न्यास ने बाईपास पर अस्थायी शौचालय का निर्माण किया है।

पंचायत तरसूह के प्रधान अंकुश धीमान ने बताया कि बनेर खड्ड के साथ लगते क्षेत्रों में गंदगी फैलने से वातावरण दूषित है। मंदिर प्रशासन को अधिक शौचालय बनाने चाहिए, ताकि गंदगी न फैले। उन्होंने शनिवार को एसडीएम अभिषेक वर्मा को समस्या से अवगत करवा दिया है।

नगर परिषद अध्यक्ष रेणू शर्मा ने कहा कि मंदिर न्यास की ओर से इस बार कम सफाई कर्मचारी तैनात करने से वार्ड पांच, छह व सात में गंदगी से व्यवस्था चरमरा गई है। वार्ड पांच व सात में हालत ज्यादा खराब है। यहां की गलियों में सफाई के लिए अभियान छेड़ना होगा। कई वार्डो के लोग गंदगी फैलने की शिकायतें कर रहे हैं। नगर परिषद के पास कम सफाई कर्मचारी होने से वे गंदगी को नही हटा पा रहे हैं। पहले मंदिर न्यास से सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी नगर परिषद को मिलते थे, लेकिन इस बार नवरात्र में नहीं मिले हैं। उन्होंने एसडीएम से आग्रह किया कि वे मंदिर न्यास को अतिरिक्त सफाई कर्मचारी भेजने के निर्देश दें ताकि लोगों की शिकायत को जल्द दूर किया जा सके।

एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बताया कि इस बार उम्मीद से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हैं। इस कारण व्यवस्था पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि गंदगी फैलने को लेकर पंचायत प्रधान की शिकायत आई है और जल्द इसका समाधान किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी