स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित होगा पालमपुर

स्मार्ट सिटी की तर्ज पर पालमपुर को विकसित किया जाएगा। इसके लिए खाका तैयार किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 09:59 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 09:59 PM (IST)
स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित होगा पालमपुर
स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित होगा पालमपुर

संवाद सहयोगी, पालमपुर : स्मार्ट सिटी की तर्ज पर पालमपुर को विकसित किया जाएगा। इसके लिए खाका तैयार किया गया। मंगलवार को नगर निगम पालमपुर की बैठक आयुक्त पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें कई विकास योजनाओं पर सहमति बनी है। करीब छह घंटे चली बैठक में सभी पार्षदों ने भाग लिया। उन्होंने नगर निगम में बेकार प्लास्टिक से ईंटें बनाकर शहर की गलियों में बिछाने व एक दशक से अधिक समय से प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण को लेकर रहेजा कंपनी से बात कर इस परियोजना को सिरे चढ़ाने की मंजूरी दी।

उप महापौर अनीश नाग ने बताया कि सभी पार्षदों ने नगर निगम के अंतर्गत दुकानों को सबलेट करने पर रोष जताया। बैठक में निर्णय लिया गया कि निगम की दुकानें सबलेट करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को सभी वार्डाें में समायोजित कर उचित स्थान मुहैया करवाया जाएगा। इसके लिए शहर के निकट चार स्थल चिन्हित किए गए हैं। इनमें घुग्घर, चौकी, राजपुर व कालू दी हट्टी शामिल हैं।

पार्षदों को दिए गए पांच-पांच लाख रुपये से प्रस्तावित विकास कार्य शीघ्र डीपीआर तैयार कर शुरू किए जाएंगे। इसके तहत बाजार, गलियों, सड़कों व नालियों का सुधार किया जाएगा। पार्षद प्राथमिकता के कार्य निपटाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 304 मकान गरीब परिवारों को बनाकर दिए जाएंगे।

सुग्घर वार्ड में स्थित कचरा संयंत्र में प्लास्टिक वेस्ट को मशीनों के जरिए निष्पादित कर इसे अंबूजा सीमेंट फैक्ट्री में भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में निगम के तहत प्लास्टिक टाइल का उद्योग स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए स्थानीय विधायक से बातचीत कर राशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी