हिमाचल में रिकार्ड 100044 लोगों को दी कोरोना वैक्सीन

हिमाचल प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के महा अभियान के पहले सोमवार को रिकार्ड लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 18 से 44 वर्ष की आयु वाले 100044 लोगों ने टीकाकरण केंद्रों में डोज ली। इसके लिए प्रदेशभर में 809 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए थे।

By Vijay BhushanEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 10:22 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 10:22 PM (IST)
हिमाचल में रिकार्ड 100044 लोगों को दी कोरोना वैक्सीन
शिमला में वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण

शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के महा अभियान के पहले सोमवार को रिकार्ड लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 18 से 44 वर्ष की आयु वाले 1,00,044 लोगों ने टीकाकरण केंद्रों में डोज ली। इसके लिए प्रदेशभर में 809 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए थे। एक लाख लोगों को वैक्सीन देने का लक्ष्य था।

सोमवार से ग्रामीण क्षेत्र में 18 से 44 वर्ष वालों को वैक्सीन बिना स्लाट बुक देने का निर्देश था। शहरी क्षेत्रों में इस वर्ग को स्लाट बुकिंग से ही वैक्सीन दी जाएगी। अब तक प्रदेश में 23 लाख लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है। करीब 55 लाख लोगों को वैक्सीन दी जानी है। जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों को छोड़ अन्य क्षेत्रों के टीकाकरण केंद्र पर औसतन 100 से 125 लोगों को वैक्सीन दी जानी है। अब तक राज्य सरकार की ओर से 50 फीसद वैक्सीन निजी कंपनियों से खरीदकर देनी पड़ रही थी और हर दिन 10 से 25 हजार को वैक्सीन दी जा रही थी। अब पूरी वैक्सीन केंद्र सरकार देगी।

मुख्यमंत्री ने टीकाकरण महाभियान का शुभारंभ किया

 मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को टाउन हाल शिमला से प्रदेश में कोरोना प्रतिरक्षा टीकाकरण महाभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि टीकाकरण के लिए आगे आएं। टीकाकरण के इस विशेष अभियान के तहत 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को प्रतिदिन एक लाख वैक्सीन लगाई जाएंगी। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के दौरान इस आयु वर्ग के लगभग तीन लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए निश्शुल्क टीका उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी