Pangi Panchayat Samiti : पांगी पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा, आशा अध्यक्ष व वांग टशी बने उपाध्यक्ष

Pangi Panchayat Samiti पांगी पंचायत समिति पर कांग्रेस ने बाजी मारी है। कांग्रेस समर्थित आशा किरण ने बबीता को तीन मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। उपाध्यक्ष पद के लिए वांग टशी ने सतीश कुमार को हराकर उपाध्यक्ष की कुर्सी कब्जाई।

By Virender KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:42 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:42 PM (IST)
Pangi Panchayat Samiti : पांगी पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा, आशा अध्यक्ष व वांग टशी बने उपाध्यक्ष
पांगी में पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनावों के बाद जश्न मनाते हुए। जागरण

पांगी, कृष्णा चंद राणा।

Pangi Panchayat Samiti, पांगी मुख्यालय किलाड़ में शुक्रवार को पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी है। कांग्रेस समर्थित कुमार वार्ड की पंचायत समिति सदस्य आशा किरण ने निकटम प्रतिद्वंद्वी पुरथी वार्ड की बबीता को तीन मतों से हराकर पांगी पंचायत समिति अध्यक्ष पद पर कब्जा किया।

उपाध्यक्ष पद के लिए सुराल वार्ड से वांग टशी ने सैचु वार्ड के सतीश कुमार को हराकर उपाध्यक्ष की कुर्सी  कब्जाई। पांगी मुख्यालय किलाड़ के पंचायत समिति हाल में पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडल अधिकारी पांगी रजनीश शर्मा और विकास खंड अधिकारी अंशुल शांडिल के देखरेख में संपन्न हुआ।

उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे पंचायत समिति के नौ सदस्यों को शपथ दिलाई। उसके बाद चुनाव करवाए गए। अध्यक्ष पद के लिए आशा किरण और बबीता ने और उपाध्यक्ष के लिए सतीश कुमार और वांग टशी ने नामांकन किया। अध्यक्ष पद पर आशा किरण और उपाध्यक्ष पद पर वांग टशी ने जीत हासिल की। पांगी में पंचायत समिति अध्यक्ष का पद महिला के लिए आरक्षित था।

उधर, पंचायत समिति पर कांग्रेस ने अपना कब्जा कर भाजपा को मंडी संसदीय उपचुनाव के मतदान से पहले बड़ा झटका दिया है। हालांकि पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद हासिल करने के लिए ब्लाक कांग्रेस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। चार अक्टूबर को पंचायत समिति के चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस समर्थित सदस्यों को अपने संपर्क में रखना पड़ा था। भाजपा ने कांग्रेस पर सदस्यों को अगवा करने का आरोप तक लगाया था। शुक्रवार को पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावों में भाजपा को छह और कांग्रेस को नौ का समर्थन प्राप्त हुआ।

राजनीति के जानकार बताते हैं कि पांगी की 19 पंचायतों में से 12 और नौ पंचायत समिति पर कांग्रेस की जीत शुभ संकेत माना जा रहा है।

chat bot
आपका साथी